10 प्रतिशत मासिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी का आरोप
निवेश की रकम की गारंटी का दिया भरोसा, चकेरी थाने में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
कानपुर। निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच, रकम की पूरी गारंटी का भरोसा और इसके बाद करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। चकेरी के शिवकटरा निवासी एक बैंककर्मी की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के आदेश से शनिवार शाम 5:17 बजे चकेरी थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवकटरा निवासी राजकुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह जना स्मॉल फाइनेंस बैंक की एक शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पहचान विजय नगर निवासी रवि मिश्रा से करीब 10 वर्षों से है। दोनों के साथ काम करने के दौरान रवि से उनकी जान-पहचान हुई थी।
कंपनी में निवेश का दिया प्रस्ताव
राजकुमार के अनुसार, रवि मिश्रा ने उन्हें क्राडपिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में रुपये निवेश करने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि रवि ने कंपनी के डॉलर में कारोबार करने की बात कहते हुए निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ मिलने का दावा किया। साथ ही निवेश की रकम की गारंटी होने का भरोसा भी दिलाया गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, रवि मिश्रा अपने वरिष्ठ राहुल पाल के साथ कानपुर के एक होटल में बैठकें करते थे। आरोप है कि इन बैठकों में निवेशकों को उनकी रकम सुरक्षित रहने और पूरी गारंटी मिलने का भरोसा दिया जाता था।
लोन लेकर खाते से भेजे 17.09 लाख रुपये
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रवि मिश्रा ने अपने साथियों दिव्यांशु मौर्या, अर्चना मौर्या, चौरसिया पान शॉप और अमित मिश्रा के साथ मिलकर उससे 17 लाख नौ हजार 580 रुपये लिए। तहरीर के अनुसार, इस रकम की व्यवस्था करने के लिए शिकायतकर्ता ने लोन कराया और अपने बैंक खाते से रुपये भेजे।
आरोप है कि इसके बाद निवेश के नाम पर अन्य लोगों से भी रकम जुटाई गई। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस कथित निवेश योजना में करीब 300 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस रकम और अन्य निवेशकों से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आर्थिक बर्बादी का लगाया आरोप
शिकायत में कहा गया है कि कथित निवेश योजना में रकम लगाने वाले कई लोग आर्थिक संकट में फंस गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर चकेरी थाने में छह आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

