डेंगू केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सफीपुर प्रथम में चलाया अभियान

डेंगू केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सफीपुर प्रथम में चलाया अभियान

554 घरों में पहुंची टीमें, 4093 लोगों की जांच; नौ घरों में मिला लार्वा


कानपुर नगर। डेंगू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सफीपुर प्रथम समेत शहर के कई इलाकों में निरोधात्मक अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर बुखार सर्वेक्षण, जांच और मच्छरों के प्रजनन स्थलों की स्थिति देखी। साथ ही घरों और आसपास जमा पानी की जांच कर लार्वा मिलने वाले स्थानों पर कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह और सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत ने मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर में संचालित लैब का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जांच व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने हरजेन्दर नगर स्थित डीटीसी के फीवर हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया।
डेंगू प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जांच
डीटीसी हरजेन्दर नगर क्षेत्र के सफीपुर प्रथम में डेंगू का केस सामने आने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घरों में बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी लेने के साथ जांच और मच्छरों के लार्वा की तलाश की गई। सोर्स रिडक्शन और लार्वानाशक छिड़काव समेत अन्य गतिविधियों की भी जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान हटिया, सफीपुर प्रथम, कुली बाजार चेक, लेबर मंडी, निराला नगर, गोवर्धनपुरवा, अहिल्याबाई नगर पनकी, नवाबगंज और पाल बस्ती सरोजनी नगर में कुल 554 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान 4093 पात्र लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान नौ घरों में लार्वा धनात्मक मिला, जबकि 22 घरों में लार्वा नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।
टीमों ने जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार लार्वानाशक कार्रवाई की। लोगों को घरों की छत, गमले, कूलर, बर्तनों और आसपास ऐसे स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई, जहां मच्छरों का प्रजनन हो सकता है।
मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक किया
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से कहा कि घरों और आसपास जमा पानी को तत्काल हटाएं। खुले में पानी जमा न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करें। मच्छरों से बचाव के लिए खुली त्वचा पर मच्छररोधी क्रीम लगाने और शरीर के अधिकतर हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की अपील की गई।
सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
संचारी रोगों से संबंधित सूचना और जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 संचालित हैं। इसके अलावा नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम के 0512-2526004 और 0512-2526005 नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हेल्पलाइन पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और निरोधात्मक टीमों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *