कानपुर में छाए घने बादल, बारिश के आसार से मौसम सुहावना
गरज-चमक के साथ एक-दो दौर में हो सकती है हल्की से मध्यम बारिश, उमस से मिल सकती है राहत
कानपुर। गुरुवार सुबह से शहर का मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हैं और ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार स्थानीय स्तर पर बादल बनने के कारण दिन में गरज-चमक के साथ एक-दो दौर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बादलों के बनने से बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। बारिश होने से तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है, लेकिन बारिश के बाद धूप निकलने पर वातावरण में नमी बढ़ने से उमस फिर लोगों को परेशान कर सकती है।
सुबह झमाझम, शाम को फिर बरसे बादल
बुधवार सुबह शहर में झमाझम बारिश हुई। इसके बाद दोपहर में तेज धूप निकल आई। शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और करीब 30 मिनट तक बारिश हुई। बारिश थमने के बाद उमस बढ़ गई, जिससे लोग परेशान रहे। सीएसए की मौसम रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई।
सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक बारिश
इस सीजन में 1 जून से अब तक 911.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत अधिक है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 606.5 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए।
बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कटियार ने बताया कि बारिश और तेज धूप के बीच तापमान तथा नमी में लगातार बदलाव से वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम और गले से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने लोगों को बारिश में भीगने से बचने और भीगने की स्थिति में तुरंत कपड़े बदलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खुले में बिकने वाले कटे-फटे फलों और दूषित पानी के सेवन से बचना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पीते रहें। उमस के दौरान अधिक पसीना आने पर शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न होने दें। बुखार, सांस लेने में परेशानी या लगातार गले में दर्द जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक से सलाह लेना उचित है।

