कानपुर में आज तेज धूप, बारिश के आसार बेहद कम
34-35 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, उमस बढ़ाएगी परेशानी; बदलते मौसम में संक्रामक रोगों का खतरा
कानपुर। शहर में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप खिली हुई है। बारिश की संभावना बेहद कम होने के चलते दिन में गर्मी के साथ उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर के समय धूप की तीव्रता बढ़ने से गर्मी का असर अधिक महसूस होगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, अब मानसून की विदाई का समय चल रहा है। ऐसे में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है। बारिश के आसार बेहद कम हैं। तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बनी रह सकती है। दिन और रात के तापमान में अंतर कम रहने से रात के समय भी लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
34.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
सीएसए की ओर से सोमवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था।
सुबह से शाम तक तेज धूप रहने के कारण गर्मी का असर बना रहा। उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। दोपहर के समय धूप की तीव्रता अधिक होने के कारण सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
बदलते मौसम में बढ़े संक्रामक रोगों के मरीज
बारिश के बाद बदलते मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बीते दिनों में डेंगू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी पानी जमा न होने दें। मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से सफाई रखें और बुखार समेत अन्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

