यूएनजीए में जयशंकर संभालेंगे कमान, कूटनीतिक लिहाज से ‘हाई लेवल वीक’ अहम, बहस में देश का रखेंगे पक्ष
नई दिल्ली। आगामी सप्ताह वैश्विक कूटनीति के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम है, क्योंकि 22 से 29 सितंबर तक संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूनाइटेड नेशनल जनरल असेंबली)के 81वें सत्र के दौरान हाई-लेवल वीक की बैठक होने वाली है। इस हाई लेवल वीक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर नेतृत्व करेंगे। न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान वह कई बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विदेश मंत्री एस. जयशंकर 26 सितंबर की दोपहर संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस में भारत का पक्ष रखेंगे।
संशोधित वक्ताओं की सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। यह संबोधन ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया कई भू-राजनीतिक संघर्षों, आर्थिक दबावों और ऊर्जा एवं खाद्य कीमतों से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र महासभा का हाई-लेवल वीक 22 से 29 सितंबर तक चलेगा, जबकि आम बहस 22 से 26 सितंबर और फिर 28 सितंबर को होगी। इस दौरान दुनिया के कई देशों के शीर्ष नेता और वरिष्ठ प्रतिनिधि वैश्विक शांति, सुरक्षा, आर्थिक चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन, महामारी से निपटने और परमाणु हथियारों जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
न्यूयॉर्क में करेंगे द्विपक्षीय बैठकें
जानकारी के अनुसार जयशंकर न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान कई बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। हालांकि विदेश मंत्री की किन देशों से साथ द्विपक्षीय बैठके होने वाली हैं, इस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं है।

