धूप-उमस ने बढ़ाई गर्मी, दोपहर बाद बादल छाने के आसार

धूप-उमस ने बढ़ाई गर्मी, दोपहर बाद बादल छाने के आसार

कानपुर। शहर में सोमवार सुबह से मौसम का मिजाज गर्म रहा। आसमान साफ रहने के साथ तेज धूप निकली, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि तेज बारिश के आसार बेहद कम हैं।

आईएमडी लखनऊ के अनुसार, एक जून से अब तक कानपुर में सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तेज धूप के साथ वातावरण में नमी रहने से उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

दोपहर बाद छा सकते हैं बादल

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन में तेज धूप रहने के कारण गर्मी का अहसास अधिक होगा। दोपहर बाद बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश सीमित रहने की संभावना है। वातावरण में नमी के कारण उमस बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश होने के बावजूद उमस के कारण लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना कम है।

स्वास्थ्य को लेकर रहें सतर्क

मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच स्वास्थ्य को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टर प्रवीण कटियार ने बताया कि तापमान में बदलाव और उमस के कारण सर्दी-जुकाम, गले में खराश, वायरल बुखार और एलर्जी की शिकायत बढ़ सकती है। लोगों को तेज धूप से बचने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए। बारिश में भीगने के बाद तुरंत कपड़े बदलें और एसी से निकलकर सीधे गर्म वातावरण में जाने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

रविवार को भी गर्मी और उमस ने किया बेहाल

रविवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय शहर के कुछ इलाकों में बारिश हुई, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत नहीं मिली। सीएसए की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *