तेज रफ्तार कार को बचाने में खाई में पलटी यूपी 112 की पीआरवी, तीन पुलिसकर्मी घायल
बिल्हौर के ककवन क्षेत्र के विशधन कस्बे में हादसा, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को वाहन से बाहर निकाला
कानपुर। बिल्हौर तहसील के ककवन थाना क्षेत्र के विशधन कस्बे में रविवार सुबह करीब 10 बजे गश्त के दौरान यूपी 112 की पीआरवी हादसे का शिकार हो गई। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में पीआरवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी खाई में पलट गई। हादसे में वाहन में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हादसे के बाद पीआरवी खाई में पलटने से उसमें सवार पुलिसकर्मी अंदर फंस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन के शीशे और दरवाजे खोलकर तीनों पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और सामने से आ रही कार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

