दिवाली पर चार प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध, छह से नौ नवंबर तक रहेगा डायवर्जन
लखनऊ। दिवाली पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने छह से नौ नवंबर तक शहर के चार प्रमुख बाजारों में विशेष यातायात डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान अमीनाबाद, भूतनाथ, हजरतगंज और पत्रकारपुरम बाजारों में ऑटो, टेंपो, विक्रम और कारों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हैदरगंज और सआदतगंज की ओर से आने वाले थ्री व्हीलर, विक्रम और टेंपो नक्खास तिराहे से नादान महल रोड होते हुए यहियागंज, रकाबगंज पुल और अमीनाबाद की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नक्खास तिराहे से मेडिकल कॉलेज चौराहा और शाहमीना तिराहे की ओर भेजा जाएगा। पॉलीटेक्निक चौराहे से भूतनाथ बाजार जाने वाले वाहन भूतनाथ तिराहे से दाएं मुड़कर नहीं जा सकेंगे। उन्हें लेखराज मार्केट और नीलगिरि चौराहे के रास्ते आगे बढ़ना होगा। कलेवा चौराहे और गार्डेन बेकरी तिराहे से भूतनाथ बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पत्रकारपुरम में मनोज पांडेय चौराहे से बाएं और हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यहां वाहनों को दयाल पैराडाइज और हुसड़िया चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। नीलकंठ मोड़ से आर्यन रेस्टोरेंट तक भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, हजरतगंज में चारबाग की ओर से आने वाले वाहन अटल चौक से बाएं मुड़कर मेफेयर और अल्का तिराहे की ओर जा सकेंगे, जबकि अटल चौक से डीएम आवास के बीच वाहनों के रुकने पर प्रतिबंध रहेगा। लीला सिनेमा रोड, सप्रू मार्ग, सिकंदरबाग चौराहे और परिवर्तन चौक से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। परिवर्तन चौक से हजरतगंज की ओर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने, वैकल्पिक मार्गों को अपनाने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम से राहत मिल सके।


