पीएसी के 108 आवासों के निर्माण में मिली खामियां
32.58 करोड़ की परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, फाउंडेशन की तकनीकी जांच के निर्देश
कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी पीएसी में 32.58 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे 108 आवासों के निर्माण में शनिवार को निरीक्षण के दौरान खामियां मिलीं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लॉक एक, दो और तीन के फाउंडेशन में एकरूपता नहीं मिली, जबकि कॉलम का एलाइनमेंट भी ठीक नहीं पाया गया। फाउंडेशन की फिनिशिंग भी संतोषजनक नहीं थी। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे फाउंडेशन की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-10 की ओर से पीएसी परिसर में मल्टी-स्टोरी आवासीय ब्लॉकों का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का काम 16 मार्च 2026 को शुरू हुआ था और इसे 15 मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसमें कुल 108 आवास बनाए जाने हैं। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक संकल्प वर्मा ने डीएम को निर्माण की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक एक, दो और तीन में फाउंडेशन व कॉलम कास्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। इन ब्लॉकों में फाउंडेशन पर ब्रिक वर्क कराया जा रहा है। वहीं ब्लॉक चार और पांच में फाउंडेशन की खुदाई का काम चल रहा है। निर्माण कार्य देखने के दौरान डीएम ने फाउंडेशन में असमानता और कॉलम के एलाइनमेंट में कमी पाई। उन्होंने परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि फाउंडेशन के पूरे स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में सामने आने वाली कमियों को दूर कराने के साथ फाउंडेशन की फिनिशिंग भी मानकों के अनुरूप कराने को कहा। डीएम ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुरुआती निर्माण में मिली कमियों को समय रहते दूर कराया जाए, ताकि आगे चलकर भवन की मजबूती और गुणवत्ता प्रभावित न हो। परियोजना के तहत आवासों के अलावा पंप हाउस, बाह्य सीवरेज, बाह्य विद्युतीकरण, ट्यूबवेल मय बोरिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण भी कराया जाएगा। परिसर में सीसी रोड, कर्ब स्टोन, इंटरलॉकिंग और मिट्टी भराई का काम भी परियोजना में शामिल है। निरीक्षण के दौरान 37वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

