दोपहर में बदला मौसम, घने बादलों से राहत, जाजमऊ समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी

दोपहर में बदला मौसम, घने बादलों से राहत, जाजमऊ समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी

तेज हवाओं से गर्मी-उमस कम हुई, शाम-रात में बारिश और गरज-चमक के आसार
कानपुर। शनिवार सुबह तेज धूप के चलते गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर 12:30 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और जाजमऊ समेत कई इलाकों में स्थानीय स्तर पर बारिश शुरू हो गई। बादल छाने के साथ धूप से राहत मिली और तेज हवाओं ने गर्मी व उमस का असर भी कम कर दिया।
सुबह तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, जो दोपहर बाद घटकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि हवा में नमी 60 से 85 प्रतिशत तक रहने के कारण उमस का असर बना रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, अधिक नमी के कारण 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी 37 से 39 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हो सकती है।
शाम-रात में बारिश के आसार
डॉ. पांडेय के अनुसार मौसम में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिन में धूप निकलने के बाद शाम या रात में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मानसून की वापसी की गतिविधियां भी अब बढ़ने लगी हैं।
सीएसए की शुक्रवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ गया था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *