पंचायत सचिवालय के सामने महीनों से झुका बिजली का पोल, विभाग को हादसे का इंतजार
नाला निर्माण के दौरान एक तरफ झुका था खंभा, शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत; आरटीआई
कार्यकर्ता ने आईजीआरएस पर दर्ज कराई शिकायत
कानपुर। बिधनू ब्लॉक की दलेलपुर ग्राम पंचायत में जल निकासी के लिए नाला तो बना दिया गया, लेकिन नाला निर्माण के दौरान पंचायत सचिवालय के ठीक सामने बिजली का एक पोल एक तरफ झुक गया। महीनों बीतने के बाद भी खंभे को सीधा नहीं कराया गया है। पंचायत सचिवालय के सामने झुका यह पोल हादसे को दावत दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक नाला निर्माण के दौरान खुदाई के चलते बिजली का पोल अपनी जगह से खिसककर एक ओर झुक गया था। निर्माण कार्य पूरा हुए कई महीने गुजर चुके हैं, लेकिन खंभा आज भी उसी स्थिति में खड़ा है। बिजली के पोल के झुके होने से आसपास रहने वाले लोगों के साथ ही पंचायत सचिवालय आने-जाने वाले ग्रामीणों में भी हादसे की आशंका बनी हुई है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जानकारी बिजली विभाग को दी जा चुकी है। इसके बावजूद खंभे को सीधा कराने की दिशा में समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि खंभा अचानक गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही खतरे को दूर करना चाहिए।
हाईटेंशन लाइन हादसे के बाद भी नहीं चेता विभाग
ग्रामीणों ने हाल ही में पास के जगदीशपुर गांव में हुए हादसे का भी हवाला दिया। वहां 11 केवी हाईटेंशन लाइन गिरने से खेत में काम कर रहे एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस घटना के बाद बिजली की लाइनों और खंभों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हादसों के बावजूद यदि झुके हुए बिजली के खंभों को समय रहते ठीक नहीं किया जाता है तो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पंचायत सचिवालय के सामने ही बना खतरा
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि झुका हुआ बिजली का पोल किसी सुनसान स्थान पर नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत के पंचायत सचिवालय के ठीक सामने स्थित है। ग्राम सचिव, पंचायत सहायक समेत अन्य कर्मचारी और ग्रामीण रोजाना यहां आते-जाते हैं। इसके बावजूद कई महीनों से खड़े इस खतरे को दूर नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिवालय के सामने होने के कारण जिम्मेदार अधिकारियों की नजर भी इस पर पड़ती होगी, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
आरटीआई कार्यकर्ता ने आईजीआरएस पर की शिकायत
मामले को लेकर ग्रामीण आर्यन वर्मा, जो आरटीआई कार्यकर्ता हैं, ने अब आईजीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित विभाग से झुके हुए बिजली के पोल को जल्द से जल्द सीधा कराने और संभावित हादसे को रोकने की मांग की है।
हाइड्रा मिलते ही पोल सही कराने की कही बात
इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) करन सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि पोल को सीधा कराने के लिए लगातार हाइड्रा मशीन मांगी जा रही है। हाइड्रा मशीन उपलब्ध होते ही खंभे को सीधा करा दिया जाएगा।
अब विभाग की ओर से हाइड्रा उपलब्ध कराकर झुके पोल को कब तक ठीक कराया जाता है, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल पंचायत सचिवालय के सामने झुका बिजली का पोल लोगों के लिए संभावित खतरा बना हुआ है।

