36 साल बाद 81 वर्षीय दिव्यांग को मिला जमीन पर कब्जा
राजस्व, चकबंदी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से भूमि विवाद का हुआ निस्तारण
घाटमपुर। तहसील और थाने के चक्कर काट रहे 81 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग को आखिरकार 36 साल पुराने भूमि विवाद से राहत मिल गई। जहांगीराबाद निवासी शिवमोहन पुत्र विष्णु दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। चकबंदी के समय से ही हाईवे किनारे स्थित अपनी भूमि पर सही जगह कब्जा न मिलने को लेकर वह अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे।
गुरुवार को तहसीलदार घाटमपुर ओमप्रकाश के नेतृत्व में राजस्व, चकबंदी और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई। टीम ने अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश कर सीमांकन कराया और मौके पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की।
प्रकरण संक्रमणीय भूमिधर की भूमि से जुड़ा था। चकबंदी के समय से चली आ रही कानूनी उलझनों और विपक्षियों की अधिक संख्या के चलते मामला लंबे समय से लंबित था। शिवमोहन कई बार अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रख चुके थे, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका था।
गुरुवार को संयुक्त टीम की कार्रवाई के बाद भूमि की स्थिति स्पष्ट कर विवाद का निस्तारण कराया गया। 36 साल से लंबित मामले के समाप्त होने पर 81 वर्षीय शिवमोहन को राहत मिली। कार्रवाई के दौरान राजस्व, चकबंदी और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

