सूने घर का ताला तोड़कर नकदी-जेवरात और पांच बकरियां चोरी
घाटमपुर के परास गांव में वारदात, बेटी की छठी में परिवार गया था औरैया; सुबह टूटा ताला देख पड़ोसियों ने दी सूचना
कानपुर। घाटमपुर के परास गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बना लिया। चोर मुख्य गेट और अलमारी का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये की नकदी, लाखों रुपये के जेवरात और घर के बाहर बंधी पांच बकरियां चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
परास गांव निवासी मोहम्मद शहीद गुरुवार को परिवार के साथ बेटी की छठी के कार्यक्रम में शामिल होने औरैया गए थे। उनकी छोटी बेटी मस्कान गांव में ही थी। रात में वह भी चाचा के घर सोने चली गई। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर मकान में दाखिल हो गए।
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवरात निकाल लिए। चोरी करने के बाद चोर घर के बाहर बंधी पांच बकरियां भी खोलकर साथ ले गए।
शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने घर का टूटा ताला और अंदर बिखरा सामान देखा तो परिवार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

