20 एमएलडी सीईटीपी के लंबित काम दो दिन में बताएं, शुल्क न देने वाली टेनरियों पर होगी कार्रवाई

20 एमएलडी सीईटीपी के लंबित काम दो दिन में बताएं, शुल्क न देने वाली टेनरियों पर होगी कार्रवाई

पाइपलाइन-मैनहोल की संयुक्त रिपोर्ट मांगी, स्लज व सॉलिड वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के निर्देश
कानपुर। जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित 20 एमएलडी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) के लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन और मैनहोल के शेष कार्यों की संयुक्त रिपोर्ट दो दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पाइपलाइन व मैनहोल से जुड़े लंबित कार्यों की रिपोर्ट यूपीपीसीबी और प्रोजेक्ट इंजीनियर संयुक्त रूप से तैयार करें। रिपोर्ट को सचिव, जेटेटा से सत्यापित कराकर दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में सीईटीपी से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट और स्लज के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। डीएम ने दोनों के नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन न हो।
परियोजना के अन्य लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित कांट्रेक्टर को सभी काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। वहीं सीईटीपी के संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) शुल्क की वसूली की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि शुल्क के बिलों का भुगतान नहीं करने वाली टेनरी इकाइयों के खिलाफ यूपीपीसीबी नियमानुसार कार्रवाई करे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीईटीपी के सभी शेष कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं और पर्यावरणीय मानकों व संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *