16 नवंबर से स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
जनगणना में पूछे जाएंगे 40 सवाल, किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं; डीएम ने तैयारियां समय से पूरी करने के दिए निर्देश
कानपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 16 से 30 नवंबर तक नागरिक स्वगणना के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। जानकारी दर्ज कराने के लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी और प्रगणक भी कोई दस्तावेज नहीं मांग सकेंगे।
मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (डीएलसीसीसी) की बैठक हुई। डीएम ने ईबी स्प्लिट, फील्ड ट्रेनर व सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण, स्वगणना और प्रचार-प्रसार समेत सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर, चार्ज ऑफिसर समेत जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाए।
बैठक में बताया गया कि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, शैक्षणिक, प्रवास समेत अन्य निर्धारित जानकारियां जुटाई जाएंगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी। स्वगणना के दौरान नागरिक निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन और जनसंख्या गणना की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर नियोजन और भविष्य की नीतियां तय करने में महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने जनता से स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। अधिकारियों को भी जनगणना की प्रक्रिया और स्वगणना के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक निदेशक दिनेश कुमार यादव और सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला ने अधिकारियों को द्वितीय चरण की जनगणना प्रक्रिया, स्वगणना, प्रशिक्षण और तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सभी एसडीएम व चार्ज अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

