कानपुर में एआई और ड्रोन पर विशेषज्ञों ने जताई बड़ी संभावनाएं

कानपुर में एआई और ड्रोन पर विशेषज्ञों ने जताई बड़ी संभावनाएं

वाहन चोरी हुआ तो ड्रोन बताएगा लोकेशन, 5-10 साल में शिक्षा, सुरक्षा और चिकित्सा का बदल जाएगा स्वरूप
कानपुर। आने वाले समय में वाहन चोरी होने पर पुलिस के पहुंचने से पहले ड्रोन उसकी तलाश कर सकता है। वाहन का नंबर डालते ही एआई से संचालित ड्रोन खुद उड़कर संदिग्ध स्थानों को स्कैन करते हुए वाहन की लोकेशन तलाशने में सक्षम होगा। यह दावा आईआईटी मंडी से आए एआई और रोबोटिक्स विशेषज्ञ डॉ. अमित शुक्ला ने किया।
ऑपरेशन सिंदूर में सेना को ड्रोन तकनीक से मदद कर चुके डॉ. अमित शुक्ला ने कहा कि वह एआई आधारित ऐसे ड्रोन पर काम कर रहे हैं, जो सामान्य ड्रोन की तुलना में कहीं अधिक स्वायत्त और समझदार होंगे। जरूरत के मुताबिक ये ड्रोन खुद निर्णय लेकर किसी समस्या के समाधान में मदद कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अगले पांच से दस वर्षों में ड्रोन तकनीक में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। शिक्षा, सुरक्षा और चिकित्सा समेत कई क्षेत्रों में काम करने का तरीका बदल जाएगा। हालांकि, इस तकनीक का इस्तेमाल बेहद सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना होगा। उन्होंने सरकार से एआई के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की जरूरत बताई।
एआई के दौर में छात्रों के मूल्यांकन का तरीका बदले
कानपुर में बिट्स पिलानी के कुलपति प्रो. वी. रामगोपाल राव ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है, इसलिए छात्रों के मूल्यांकन का तरीका भी बदलना जरूरी है। विद्यार्थियों को केवल सही उत्तर देने के आधार पर नहीं परखा जाना चाहिए, बल्कि उनके तर्क, प्रयास और समस्या समाधान की पूरी प्रक्रिया का भी मूल्यांकन होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शोध को सिर्फ शोधपत्र और पेटेंट तक सीमित रखने के बजाय उसे प्रोटोटाइप, उत्पाद और स्टार्टअप में बदलने पर जोर देना चाहिए। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में छात्र हैं, ऐसे में राज्य को एआई स्किलिंग का बड़ा केंद्र बनाया जा सकता है।
बिना नियंत्रण के एआई बन सकता है खतरा
प्रो. राव ने अत्यधिक शक्तिशाली एआई प्रणालियों को लेकर सावधान भी किया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी तकनीकों को पर्याप्त मानवीय निगरानी के बिना संचालित किया गया तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। एआई के विकास के साथ उसके इस्तेमाल पर उचित नियंत्रण और जिम्मेदारी तय करना भी जरूरी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *