गांव-गांव पहुंचे विधायक सांगा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
बिजली कटौती की शिकायत पर मुख्य अभियंता से फोन पर की बात, जल्द समाधान का मिला आश्वासन
कानपुर: बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने शुक्रवार को भीतरगांव ब्लॉक क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों का तूफानी भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। गांव-गांव पहुंचकर विधायक ने लोगों से सीधे संवाद किया और संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मृतक परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने अपने भ्रमण की शुरुआत सुप्रसिद्ध कुढ़नी दरबार में दर्शन-पूजन से की। उन्होंने पूरे क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने के बाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों का रुख किया। विधायक ने जसरा, अरनजामी, हाजीपुर कदीम, रसूलपुर, उमरा, विजानखेड़ा, हसकर, गौरी, ककरा और बेहटा बुजुर्ग समेत कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की।
ग्रामीणों ने विधायक के सामने सबसे प्रमुख समस्या विद्युत कटौती की रखी। लोगों ने बताया कि लगातार बिजली की समस्या के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल बिजली विभाग के मुख्य अभियंता से फोन पर वार्ता की और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति से अवगत कराया।
विधायक ने अधिकारियों से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का जल्द समाधान कराने को कहा। इस पर मुख्य अभियंता ने जल्द से जल्द विद्युत कटौती की समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान विधायक ने मृतक परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अशोक सचान, लल्ला सिंह, अनूप अग्निहोत्री, राजू परिहार, धीरेंद्र सिंह, मनोज द्विवेदी, दिलीप सैनी, सौरभ सचान, अश्वनी अवस्थी, धर्मेंद्र अवस्थी, दीपू भदौरिया आदि लोग मौजूद रहे।

