अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली उपकेंद्र प्रभारी की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली उपकेंद्र प्रभारी की मौत
घाटमपुर के राहा मोड़ पर देर रात हुआ हादसा, बाइक सवार उदय नारायण ने मौके पर तोड़ा दम; पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
कानपुर। घाटमपुर के मुगल रोड स्थित राहा मोड़ पर गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बिजली उपकेंद्र प्रभारी की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेउना थाना क्षेत्र के देवीपुरवा (गढ़ोलामऊ) गांव निवासी उदय नारायण (30) मूसानगर स्थित विद्युत उपकेंद्र में प्रभारी के पद पर तैनात थे। गुरुवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह किसी काम से घाटमपुर आए थे। देर रात बाइक से अपने गांव देवीपुरवा लौट रहे थे। इसी दौरान मुगल रोड पर राहा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से हुए घायल
टक्कर लगने के बाद उदय नारायण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे उदय
मृतक के बड़े भाई विजय ने बताया कि उदय तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। गुरुवार को वह किस काम से घाटमपुर आए थे, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। रात में गांव लौटते समय हादसा हो गया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *