तालाब किनारे मौत बनकर झूल रहा था 11 केवी का तार, करंट लगने से युवक की मौत
साथियों के साथ मछली पकड़ने गया था 27 वर्षीय सीबू, लटकते हाईटेंशन तार की चपेट में आया

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के खेरसा गांव में बुधवार को 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तालाब में मछली पकड़ने गए युवक का हाथ अचानक नीचे लटक रहे बिजली के तार से छू गया। तेज धमाके के साथ करंट लगने से वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे तत्काल बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मछली पकड़ते समय लटकते तार से छुआ हाथ
खेरसा गांव निवासी सीबू पुत्र विनोद स्थानीय ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। बुधवार को वह दो साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ने गया था। ग्रामीणों के मुताबिक तालाब के किनारे से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन काफी नीचे लटक रही थी।
मछली पकड़ने के दौरान अचानक सीबू का हाथ हाईटेंशन तार से छू गया। करंट लगते ही तेज धमाका हुआ और सीबू बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर गया। हादसे में उसके साथ मौजूद दोनों युवक बाल-बाल बच गए।
सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और सीबू को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपने पिता विनोद और मां कमला के साथ रहता था और मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब के पास हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटक रही थी, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। उनका कहना है कि समय रहते तारों को ठीक कराया गया होता तो हादसा टाला जा सकता था।
पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने किया विरोध
घटना की सूचना मिलने पर हल्का कस्बा इंचार्ज अंकित सिंह पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने लटकते तारों की समस्या और बिजली विभाग की कथित लापरवाही का हवाला देते हुए शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
बाद में थाना प्रभारी बिधनू तेज बहादुर सिंह और पुलिस टीम ने परिजनों को समझाया। काफी देर की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

