इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ी, मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ी, मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कानपुर। कल्याणपुर के बारासिरोही स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। दूसरे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही गुस्साए परिजन शव लेकर मोहित मेडिकल सेंटर पहुंच गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिल्हौर थाना क्षेत्र के वैष्णव नगर निवासी पंकज सैनी खैरात कारोबारी हैं। परिवार में पत्नी रजनी सैनी (47), बेटी रौनक और बेटा अंश हैं। पंकज के मुताबिक, रजनी को करीब दो सप्ताह से सांस लेने में परेशानी थी। उन्होंने बिल्हौर के डॉक्टर नीरज कटियार से पत्नी का उपचार कराया और दो दिन तक दवाएं भी चलीं, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।

10 सितंबर को अस्पताल में कराया था भर्ती

पंकज के अनुसार, तबीयत में सुधार न होने पर 10 सितंबर को रजनी को कल्याणपुर के बारासिरोही स्थित मोहित मेडिकल सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उन्हें भर्ती कर लिया। परिजनों के मुताबिक, दो दिन तक उपचार के दौरान उनकी हालत में लगातार गिरावट होती रही।

देर रात दूसरे अस्पताल के लिए किया रेफर

परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात डॉक्टरों ने अचानक रजनी की हालत गंभीर होने की जानकारी दी और उन्हें पास के अभिनव अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें कल्याणपुर आवास विकास स्थित आर्शीया अस्पताल भेजा गया। परिजनों के मुताबिक, आर्शीया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया।

शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर मोहित मेडिकल सेंटर पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि अस्पताल में उपचार के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के कारण रजनी की मौत हुई है। हंगामे की सूचना पर परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाई जानकारी

सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई। परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति होगी स्पष्ट

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि महिला की मौत के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *