खाद्य प्रसंस्करण से रोजगार के नए अवसर तलाशें युवा

खाद्य प्रसंस्करण से रोजगार के नए अवसर तलाशें युवा

पिपरगवां में जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का शुभारंभ, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

कानपुर नगर। रमईपुर ब्लॉक के पिपरगवां गांव में ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और खाद्य प्रसंस्करण से जोड़ने के उद्देश्य से जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को स्थानीय संसाधनों और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रोजगार के नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के जरिए कृषि उत्पादों को मूल्यवर्धित उत्पादों में बदलकर आय के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। युवाओं को उत्पाद निर्माण से लेकर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग तक की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उद्यमिता शुरू करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत है कि वे पारंपरिक रोजगार के साथ स्वरोजगार और छोटे उद्यमों की दिशा में भी कदम बढ़ाएं। इससे वे खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कमलेश मिश्रा, ग्राम विकास सचिव रामपाल, डीआरपी शिवम त्रिपाठी और प्रखर त्रिपाठी मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं से रोजगार की तलाश करने के साथ रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *