कानपुर में वाटर लाइन फटी

5 हजार घरों की सप्लाई ठप, हजारों लीटर पानी सड़क पर बहा; तीसरी बार आई खराबी

कानपुर। पेयजल पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार रात अशोक नगर में जल निगम की बैराज से आने वाली 11 नंबर मुख्य पाइप लाइन फट गई। इससे हजारों लीटर पानी सड़क और नालियों में बह गया। पिछले करीब 10 महीने के अंदर इसी जगह पर तीसरी बार पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इसके चलते करीब पांच हजार घरों में मंगलवार सुबह से पानी की आपूर्ति ठप है। मरम्मत के लिए बैराज से पानी की सप्लाई बंद करा दी गई है।

अशोक नगर में फातिमा स्कूल के गेट के सामने जल निगम की पाइप लाइन फटने के बाद आसपास बैरिकेडिंग लगाई गई। वार्ड-37 अशोक नगर में फातिमा स्कूल के गेट के ठीक सामने देर रात अचानक सड़क से पानी का तेज फव्वारा निकलने लगा। देखते ही देखते सड़क पर पानी भर गया। मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होने से वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर क्षेत्रीय पार्षद पवन गुप्ता मौके पर पहुंचे और जलकल विभाग को जानकारी दी।

तीसरी बार फटी जल निगम की पाइप लाइन

इसके बाद जोन-4 के अधिशासी अभियंता ईश्वर सिंह और अवर अभियंता भोला शंकर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पता चला कि जल निगम की 11 नंबर मुख्य पाइप लाइन फट गई है। अधिकारियों ने जल निगम को सूचना देकर बैराज से पानी की आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद सड़क पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया।

पार्षद पवन गुप्ता ने बताया कि करीब 4 महीने पहले भी इसी स्थान पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। जलकल के अवर अभियंता भोला शंकर ने बताया कि, वाटर लाइन फटने की जानकारी मिली है। जल निगम की ओर से मंगलवार सुबह मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *