पतारा में जलभराव से सड़कें, पुलिस चौकी और पंचायत भवन डूबे, तहसीलदार ने जेसीबी से खुलवाए नाले
करीब 24 घंटे में जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद, लोगों ने नालों की सफाई की मांग उठाई
घाटमपुर। पतारा कस्बे में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। रायपुर रोड, नर्सरी रोड और होली तालाब रोड पर पानी भरने के साथ ही पतारा पुलिस चौकी और पंचायत भवन भी जलमग्न हो गए। जलभराव के कारण पुलिस चौकी और पंचायत भवन का कामकाज प्रभावित हुआ है। वहीं, स्थानीय लोग पानी के बीच अपने मवेशियों को बांधने के लिए मजबूर हैं।
रविवार दोपहर घाटमपुर तहसीलदार ओमप्रकाश और नायब तहसीलदार पतारा पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर लोगों से जलभराव की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित पुलिया और रायपुर रोड के नाले में जलकुंभी व गंदगी जमा होने से पानी की निकासी बाधित है। लोगों ने नालों की सफाई कराने की मांग की।
मामले की जानकारी तहसीलदार ने घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह को दी। इसके बाद जेसीबी बुलाकर नालों की सफाई का काम शुरू कराया गया। नाले की सफाई के बाद पानी की निकासी शुरू होने से लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 24 घंटे में प्रभावित स्थानों से पानी निकलने की संभावना है।
जेसीबी से कराई जा रही नालों की सफाई

एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि पतारा में जलभराव की सूचना मिली थी। तहसीलदार को मौके पर भेजा गया था। वह स्वयं भी क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। जेसीबी की मदद से नालों की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है।

