बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मतदान शुरू, बूथों पर लगी कतारें
सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में दिखा उत्साह; संवेदनशील बूथों पर प्रशासन की विशेष निगरानी
कानपुर। बिठूर नगर पंचायत में रिक्त चल रहे अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार सुबह से उपचुनाव के तहत मतदान शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न पोलिंग बूथों पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों के बाहर कतारें नजर आईं। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भी उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया।
ध्रुव नगर मतदान केंद्र पर जुटे मतदाता
जानकारी के अनुसार, ध्रुव नगर स्थित मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। अध्यक्ष पद के लिए हो रहे इस उपचुनाव में कुल सात प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है।
संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी
मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। स्थानीय पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। वहीं, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के इस उपचुनाव में अब सभी की नजरें मतदान प्रक्रिया पूरी होने और मतगणना के बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।
DCP पश्चिम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस अलर्ट, अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कानपुर। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी परखी और संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान केंद्रों पर लगातार सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए।
अव्यवस्था फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
डीसीपी पश्चिम ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखने पर जोर दिया।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।


