रस्सी के सहारे उतरा चोर, 45 लाख का चांदी पाउडर लेकर हुआ फरार

रस्सी के सहारे उतरा चोर, 45 लाख का चांदी पाउडर लेकर हुआ फरार

कानपुर के पोखरपुर में चांदी रिफाइनिंग कारखाने में चोरी, 18 किलो पाउडर समेटा; CCTV में कैद हुई वारदात, हत्या के डर से बिस्तर पर पड़े रहे कारीगर

कानपुर। चकेरी क्षेत्र के पोखरपुर में चांदी रिफाइनिंग के एक कारखाने में चोर ने शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। छत में बने होल से रस्सी के सहारे नीचे उतरे चोर ने कारखाने में रखा करीब 18 किलो चांदी का पाउडर पार कर दिया। इसकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान कारखाने में मौजूद दो कारीगरों को चोर की भनक लग गई थी, लेकिन हत्या किए जाने के डर से वे बिस्तर पर ही पड़े रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की हैं।

छत के होल से रस्सी बांधकर नीचे उतरा चोर

मूलरूप से महाराष्ट्र के रहने वाले नितिन तपे नौबस्ता के संजय नगर में रहते हैं। वह पिछले दो साल से चकेरी के पोखरपुर स्थित पवन दालमील परिसर में चांदी रिफाइनिंग का कारखाना चला रहे हैं। उनका नया गंज स्थित स्वास्तिक टेंच ज्वेलरी से भी चांदी का कारोबार जुड़ा हुआ है। नितिन के मुताबिक, वह रोज की तरह कारखाना बंद करके घर चले गए थे। इसी दौरान चोर छत में बने खुले होल से पिलर पर रस्सी बांधकर नीचे उतरा। इसके बाद कारखाने में रखा 18 किलो चांदी का पाउडर समेटा और पीछे के रास्ते से फरार हो गया। चोर की पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

चोर की भनक लगी, हत्या के डर से नहीं उठे कारीगर

कारखाने में दो कारीगर काम करते हैं और वहीं रहते भी हैं। नितिन के मुताबिक, वारदात के दौरान दोनों कारीगरों को चोर के आने की भनक लग गई थी। हालांकि, उन्हें डर था कि विरोध करने या उठने पर चोर उनकी हत्या कर सकता है। इसी आशंका के चलते वे बिस्तर पर पड़े रहे और सोने का नाटक करते रहे।

आरोपी के फरार होने के बाद कारीगरों ने कारखाना संचालक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस कारखाने से जुड़े लोगों और अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

पुरानी चांदी को रिफाइन कर तैयार किया जाता है पाउडर

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मुताबिक, नितिन तपे के कारखाने में पुरानी चांदी को रिफाइन करके दोबारा इस्तेमाल के योग्य बनाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत चांदी को पाउडर के रूप में रखा गया था। चोर इसी पाउडर को लेकर फरार हुआ है। चोरी हुए पाउडर की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

 CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, दो टीमें गठित

चोरी की सूचना मिलने पर दो थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोर के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान का पता लगाया जा सके। चकेरी के एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। वारदात के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *