साकेत नगर में ससुराल न चलने पर बेटे ने पिता के सीने में घोंपा चाकू

कानपुर। साकेत नगर में ससुराल न चलने से नाराज बेटे ने वृद्ध पिता के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें घर ले आए। अब ऑक्सीजन के सहारे घर पर ही उनका इलाज चल रहा है। छोटे बेटे ने पहले किदवई नगर थाने में तहरीर दी, लेकिन सुनवाई न होने पर सोमवार को पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। पुलिस कमिश्नर ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

साकेत नगर के डब्ल्यू ब्लॉक निवासी विष्णुकांत मिश्रा के परिवार में पत्नी और दो बेटे राघवेंद्र मिश्रा उर्फ राघव और माधवेन्द्र मिश्रा उर्फ माधव हैं। माधवेन्द्र अधिवक्ता हैं और वर्तमान में रतनलाल नगर में अलग रहते हैं। वहीं, राघव डीसीएम चलवाते हैं और माता-पिता के साथ रहते हैं। माधवेन्द्र के मुताबिक, गोविंद नगर में उनकी हेलमेट की दुकान भी है।

12 सितंबर को मां ने फोन कर दी जानकारी

माधवेन्द्र के मुताबिक, 12 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे उनकी मां ने फोन कर बताया कि राघव ने पिता को चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे तो पिता गंभीर हालत में मिले। आरोप है कि उनके सीने पर चाकू से वार किया गया था।

परिजन पहले उन्हें घर के पास एक डॉक्टर के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर किदवई नगर स्थित एंजल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें एमराल्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। हालत में सुधार नहीं होने और डॉक्टरों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर परिजन उन्हें घर ले आए। फिलहाल ऑक्सीजन के सहारे उनका इलाज किया जा रहा है।

थाने में सुनवाई न होने पर पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार

माधवेन्द्र ने मामले में किदवई नगर थाने में तहरीर दी। आरोप है कि सुनवाई न होने पर सोमवार को उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। पुलिस कमिश्नर ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

कार्यवाहक थानाध्यक्ष नीरज द्विवेदी ने बताया कि घटना 12 सितंबर की बताई गई है, जबकि तहरीर दो अक्तूबर को दी गई। तीन अक्तूबर को पुलिस टीम घायल के बयान लेने उनके घर गई थी, लेकिन घायल से मिलने नहीं दिया गया। उनकी पत्नी ने भी कोई जानकारी नहीं दी। जिस पर आरोप लगाया गया है, वह भी घर पर नहीं मिला। अब जिस अस्पताल में घायल का इलाज हुआ था, वहां के डॉक्टरों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसके भाई के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में पूर्व में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन मामलों की भी जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *