चांदी में लगातार छठे दिन गिरावट, सोने में मामूली तेजी; शादी-ब्याह की खरीदारी करने वालों को मिली राहत
कानपुर। सराफा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। चांदी लगातार छठे दिन गिरावट के साथ 2,200 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर 1,81,500 रुपये पर पहुंच गई। वहीं सोने की कीमत में 200 रुपये की मामूली बढ़त दर्ज की गई और यह 1,40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
दीपावली के बाद से छह दिनों में चांदी करीब 9,500 रुपये और सोना 5,500 रुपये तक सस्ता हो चुका है। कीमतों में आई इस गिरावट से उन ग्राहकों को राहत मिली है, जो लंबे समय से शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने की योजना बना रहे थे।
आठ नवंबर को दीपावली के दिन कानपुर में शुद्ध चांदी का भाव 1.91 लाख रुपये प्रति किलो और सोने का भाव 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसके बाद दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट शुरू हो गई। 12 नवंबर तक चांदी 1.88 लाख रुपये और सोना 1,41,500 रुपये पर आ गया था। शुक्रवार को चांदी में 4,300 रुपये की बड़ी गिरावट आई और भाव 1,83,700 रुपये रह गया। शनिवार को भी गिरावट जारी रही, जबकि सोने में मामूली सुधार देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता, महंगाई की आशंकाओं और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर कीमती धातुओं पर पड़ रहा है।
सराफा कारोबारी रवि गुप्ता के मुताबिक, सोने-चांदी के भाव में आई गिरावट से ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर मिला है। सहालग का सीजन शुरू होने के साथ ही बाजार में निचले भाव पर आभूषण खरीदने वालों की संख्या बढ़ रही है। इसे सराफा कारोबार में ‘बार्गेन बाइंग’ का रुझान माना जा रहा है।


