पान मसाला और तंबाकू डिस्ट्रीब्यूटर फर्म पर एसजीएसटी का छापा, जमा किये 1.25 करोड़
स्टॉक में भारी अंतर और खरीद-बिक्री में मिली गड़बड़ी, अधिकारियों ने वित्तीय रिकॉर्ड किए जब्त
कानपुर। राज्य कर विभाग (एसजीएसटी) ने बृहस्पतिवार को अनवरगंज के कारवालो नगर स्थित पान मसाला और तंबाकू की डिस्ट्रीब्यूटर फर्म पर छापा मारा। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर कर चोरी और स्टॉक में भारी अंतर सामने आया। विभागीय कार्रवाई के बाद फर्म संचालक ने मौके पर ही 1.25 करोड़ रुपये जमा कर दिए। अधिकारियों ने फर्म के संचालन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 सान्या छाबड़ा के निर्देश पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 (एसआईबी) जोन प्रथम प्रशांत कुमार और संयुक्त आयुक्त ज्ञान प्रकाश सिंह की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आया कि फर्म संचालक नियमानुसार खरीद-बिक्री नहीं कर रहे थे। दस्तावेजों में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध माल के बीच काफी अंतर मिला। खरीद प्रक्रिया में भी अनियमितताएं पाई गईं। इसके अलावा फर्म की ओर से देय कर भी नियमानुसार जमा नहीं किया जा रहा था।
मौके पर जमा किए 1.25 करोड़ रुपये

व्यापार स्थल पर मिली अनियमितताओं के आधार पर फर्म संचालक ने स्वयं डीआरसी-03 के माध्यम से 1.25 करोड़ रुपये का कर जमा किया। अधिकारियों ने फर्म के संचालन से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। विभाग अब खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रहा है।
पान मसाला कारोबार पर विभाग की नजर
अपर आयुक्त ने बताया कि पान मसाला से संबंधित फर्मों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कर चोरी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, प्रभात कुमार चौधरी, दीपक सिंह समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


