कानपुर में आज से शुरू होगा सहालग का पहला सीजन, 35 हजार शादियों से छह हजार करोड़ का कारोबार
15 दिसंबर तक विवाह समारोहों की धूम, आठ हजार लोगों को मिलेगा मौसमी रोजगार; आभूषण कारोबार में अकेले तीन हजार करोड़ की उम्मीद
कानपुर। शहर में 20 नवंबर से विवाह समारोहों का पहला सीजन शुरू होने जा रहा है। 15 दिसंबर तक चलने वाले इस सहालग में शादी-विवाह से जुड़े करीब 35 हजार आयोजन होने का अनुमान है। इससे बाजार में लगभग छह हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। आभूषण, कपड़े, उपहार और खानपान से लेकर होटल, बैंक्वेट हॉल, मैरिज लॉन, डेकोरेशन, फोटोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट तक के कारोबार में तेजी आएगी। विवाह समारोहों की बढ़ती संख्या से करीब आठ हजार लोगों के लिए अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बाजार आकलन के मुताबिक, इस अवधि में शहर में रिंग सेरेमनी, वरीक्षा, तिलक, विवाह समारोह और रिसेप्शन समेत करीब 35 हजार आयोजन होंगे। कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री पंकज अरोड़ा ने बताया कि ये अनुमान कैट की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने तैयार किए हैं। इसके लिए प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों के व्यापारिक नेताओं और व्यापारिक संगठनों से विचार-विमर्श के साथ राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया है।
वस्तुओं के कारोबार की हिस्सेदारी 54 प्रतिशत
सहालग के दौरान अनुमानित छह हजार करोड़ रुपये के कारोबार में 54 प्रतिशत हिस्सेदारी वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार की होगी, जबकि 46 प्रतिशत कारोबार सेवा क्षेत्र से आने की उम्मीद है। वस्तुओं के कारोबार में सबसे बड़ा हिस्सा आभूषण और बहुमूल्य धातुओं का रहेगा। इस क्षेत्र में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा कपड़े, जूते, उपहार, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की खरीदारी से भी बाजार में रौनक बढ़ेगी।
डे-वेडिंग का बढ़ा क्रेज, 25 प्रतिशत शादियां दिन में
सहालग का सीजन कारोबारियों के लिए खुशियां लेकर आ रहा है। तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन ही ढाई हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है। नवंबर-दिसंबर की सहालग के लिए होटल, लॉन, गेस्ट हाउस और रिसॉर्ट की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। शादी समारोहों के लिए मैरिज लॉन लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। कैटरिंग की बुकिंग औसतन 450 से 500 मेहमानों के लिए कराई जा रही है।
कानपुर होटल, गेस्टहाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामलाल मूलचंदानी ने बताया कि नवंबर-दिसंबर में विवाह समारोहों के लिए लोगों ने मैरिज हॉल, होटल, लॉन, गेस्ट हाउस और रिसॉर्ट से लेकर कैटरर्स तक की बुकिंग करा ली है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों युवा रात के बजाय दिन में शादी करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। नवंबर-दिसंबर में होने वाली करीब 25 प्रतिशत शादियां दिन में आयोजित होंगी। युवा दिन की प्राकृतिक रोशनी में बेहतर फोटोशूट, लाइट थीम वाले परिधान और सुविधाजनक शेड्यूल को इसकी प्रमुख वजह मान रहे हैं। डे-वेडिंग के बढ़ते चलन का असर सजावट के तरीकों पर भी दिख रहा है। अब पारंपरिक सजावट के साथ खुले और प्राकृतिक माहौल को ध्यान में रखकर थीम तैयार की जा रही हैं।
बाजार से रोजगार तक आएगी तेजी
सहालग का असर केवल शादी समारोहों तक सीमित नहीं रहेगा। फूल कारोबारियों, हलवाइयों, कैटरर्स, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट कारोबारियों, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी कलाकारों, फोटोग्राफरों और वाहन संचालकों को भी काम मिलेगा। सीजन के दौरान अस्थायी कर्मचारियों की मांग बढ़ने से हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर दिसंबर के मध्य तक शहर के बाजारों में खरीदारी और शादी समारोहों की रौनक बनी रहने की संभावना है।


