कल्याणपुर स्टेशन के पास नौ ट्रक कूड़ा हटाया, एक सप्ताह में फिर होगा निरीक्षण

कल्याणपुर स्टेशन के पास नौ ट्रक कूड़ा हटाया, एक सप्ताह में फिर होगा निरीक्षण

डीएम, नगर आयुक्त और एसडीएम सदर ने रात 10:30 बजे किया निरीक्षण, दीपावली को लेकर अतिरिक्त संसाधन लगाने के निर्देश


कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था, मार्ग मरम्मत और कूड़ा निस्तारण को लेकर सोमवार रात जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और एसडीएम सदर ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। रात करीब 10:30 बजे शुरू हुए निरीक्षण में अधिकारियों ने नगर निगम की ओर से कराए जा रहे मार्ग मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता देखी। इसके बाद टीम कल्याणपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां चल रहे संयुक्त सफाई अभियान और कूड़ा उठान की स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्टेशन के आसपास सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठाने के लिए लगाए गए कर्मचारियों, वाहनों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। क्षेत्र में चिन्हित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) को पूरी तरह खत्म करने और दोबारा कूड़ा न जमा होने देने के निर्देश दिए गए। मौके पर अधिकारियों को बताया गया कि अभियान के तहत अब तक करीब नौ ट्रक यानी 81 मीट्रिक टन कूड़ा उठाकर निस्तारित किया जा चुका है।
रेलवे क्षेत्र से भी तत्काल हटेगा कूड़ा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कल्याणपुर स्टेशन के आसपास और रेलवे क्षेत्र में सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने को कहा। ब्लॉक क्षेत्र समेत अन्य स्थानों पर पड़े कूड़े और अपशिष्ट को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सफाई अभियान केवल कूड़ा उठाने तक सीमित न रहे, बल्कि दोबारा कूड़ा जमा न हो, इसकी भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सफाई कार्य में किसी तरह की कमी न आए, इसके लिए उपलब्ध मैनपावर, वाहनों और अन्य संसाधनों का तत्काल आकलन करने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी और वाहन लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह बाद दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जीवीपी विलोपन की स्थिति का सत्यापन किया जाएगा।
दीपावली पर बढ़ेगा कूड़ा, पहले से करें तैयारी
आगामी दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए अधिकारियों ने नगर निगम को अतिरिक्त तैयारी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कूड़े की मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे में पहले से पर्याप्त कर्मचारी, वाहन और अन्य संसाधन उपलब्ध रखे जाएं, ताकि कूड़ा उठान में देरी न हो।
विश्वविद्यालय के पास जीवीपी की जगह बनेगा स्ट्रीट वेंडिंग जोन
निरीक्षण के दौरान कानपुर विश्वविद्यालय के पास स्थित जीवीपी को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस स्थान को दोबारा कूड़ा स्थल या अतिक्रमण का केंद्र बनने से रोकने के लिए सुव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने की कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही नागरिकों और वेंडर्स की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
सीएंडडी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण पर बनेगी पीपीटी
निर्माण और ध्वस्तीकरण से निकलने वाले सीएंडडी वेस्ट के प्रबंधन पर भी अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। संबंधित अधिकारी को कंस्ट्रक्शन वेस्ट के संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी जुटाकर विस्तृत पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने के निर्देश दिए गए।
संबंधित सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन संस्था या एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा के साथ व्यावहारिक और समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इसके बाद तय कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई और उसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
सड़क मरम्मत में गुणवत्ता पर जोर
रात्रिकालीन निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम द्वारा कराए जा रहे मार्ग मरम्मत कार्यों से हुई। अधिकारियों ने मौके पर काम की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मार्ग मरम्मत समेत नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता, कूड़ा उठान, मार्ग मरम्मत और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। त्योहार के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विभागों के बीच समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *