मां कूष्मांडा मंदिर में 1.20 करोड़ से बनेगा सत्संग भवन

मां कूष्मांडा मंदिर में 1.20 करोड़ से बनेगा सत्संग भवन

विधायक सरोज कुरील ने चिन्हित भूमि का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं के लिए शौचालय, पेयजल व बैठने की भी होगी व्यवस्था


कानपुर। घाटमपुर स्थित मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधाओं में इजाफा होगा। पर्यटन विभाग की ओर से करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से सत्संग भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन के साथ शौचालय, पेयजल और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच समेत अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सोमवार शाम घाटमपुर विधायक सरोज कुरील और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने मंदिर परिसर पहुंचकर निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। इससे पहले दोनों ने मां कूष्मांडा देवी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद विधायक और ईओ ने कानपुर-सागर हाईवे किनारे पर्यटन विभाग की ओर से चिन्हित भूमि का जायजा लिया। विधायक ने बताया कि इसी स्थान पर सत्संग भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन में धार्मिक आयोजनों और सत्संग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।
विधायक ने कहा कि मां कूष्मांडा मंदिर घाटमपुर का प्रमुख धार्मिक स्थल है। सत्संग भवन बनने से धार्मिक आयोजनों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं व साधु-संतों को सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाए जाने की बात कही। साथ ही क्षेत्र की जनता की ओर से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का आभार जताया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *