कानपुर बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 2 सेंटीमीटर नीचे, घट रहा पानी
334710 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, शुक्लागंज में भी जलस्तर घटने का सिलसिला जारी
कानपुर। कानपुर बैराज में गंगा नदी का जलस्तर बुधवार सुबह चेतावनी बिंदु के करीब दर्ज किया गया। फ्लड कंट्रोल ऑफिस, एलजीसी कानपुर की ओर से सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.980 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.580 मीटर दर्ज हुआ। बैराज से 3,34,710 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रहा। जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
कानपुर बैराज का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का निशान 115 मीटर है। ऐसे में अपस्ट्रीम का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 0.020 मीटर यानी दो सेंटीमीटर नीचे है।
शुक्लागंज में भी घटा जलस्तर
शुक्लागंज में सुबह जलस्तर 112.560 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर निर्धारित है। रिपोर्ट के मुताबिक यहां भी जलस्तर घटने का ट्रेंड बना हुआ है।
हरिद्वार और नरौरा से कम हुआ डिस्चार्ज
हरिद्वार बैराज से 36,245 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 43,023 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों स्थानों से डिस्चार्ज में कमी का असर आगे गंगा के जलस्तर पर पड़ने की संभावना है।
फिलहाल कानपुर बैराज और शुक्लागंज दोनों जगह जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु के बेहद करीब होने के कारण निगरानी जारी रखी जा रही है।

