चलती बस बनी आग का गोला, अंदर बैठी थीं 40 सवारियां

चलती बस बनी आग का गोला, अंदर बैठी थीं 40 सवारियां

मथुरा। मथुरा जिला में थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे स्थित राया कट पुल पर शनिवार देर रात एक चलती स्लीपर बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही इस बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रेवल्स की बस को चालक जितेंद्र (निवासी नौगांव, छतरपुर) दिल्ली के कश्मीरी गेट से लेकर छतरपुर जा रहा था। राया कट पुल के ऊपर पहुंचते ही अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भडक़ उठी।

देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस और यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 1:38 पर बस में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना राया के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की गाडिय़ों ने करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझाया। महावन सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बस में सवार सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है; अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *