विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने दो सीसी सड़कों और मां दुर्गा मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का किया लोकार्पण
मझावन मंडल में विकास कार्यों को मिली गति, बेहतर आवागमन के साथ धार्मिक स्थल का होगा सौंदर्यीकरण

कानपुर नगर। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के मझावन मंडल में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने दो सीसी सड़कों और ग्राम बांबी स्थित मां दुर्गा मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इस दौरान ग्राम रोशनपुर में श्री तिलोक सिंह के दरवाजे से सेमरूवा मोड़ तक सीसी सड़क निर्माण तथा ग्राम खुचकीपुर के मजरा गंगभेव में सीसी सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही ग्राम बांबी में मां दुर्गा मंदिर के पर्यटन विकास के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्य का भी शुभारंभ हुआ।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उनका संकल्प है कि बिठूर विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर दयानिधान तिवारी, कल्लू सिंह, तिलोक सिंह, रविकांत अवस्थी, विजय सिंह, लालू साहू, कमलेश पासवान, संदीप सिंह, बीरू द्विवेदी, प्रवीण द्विवेदी, बउवा सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


