खड़गे बोले- मुख्य चुनाव आयुक्त सरकार की कठपुतली, उन्हें हटाएं
आयोग और सरकार के खिलाफ रणनीति पर कांग्रेस की बैठक, कल I.N.D.I.A. की मीटिंग
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की कठपुतली बन गए हैं। साजिश के तहत वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं। उन्हें पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। इसलिए तुरंत हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में खड़गे ने कहा कि पूरा देश अब जानता है कि CEC का उद्देश्य भाजपा को लाभ पहुंचाना है। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग में कथित मतभेदों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर बैठक की। इसमें फैसला किया गया कि कांग्रेस वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के मुद्दों को संसद में उठाएगी और प्रदर्शन करेगी।
खड़गे बोले- CEC ने दबाव में काम किया
सरकार ने लोकतंत्र कमजोर किया- मोदी सरकार ने व्यवस्थित रूप से उस मजबूत लोकतांत्रिक नींव को खोखला कर दिया है जिसे हमारे पूर्वजों ने बनाया था।
युवाओं को वोट देने से रोकने की साजिश- PM मोदी ने युवाओं को वोट देने से रोकने की साजिश रची है। फॉर्म 6 से जुड़े नियमों में गैरकानूनी तरीके से बदलाव किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पीएम के दबाव में काम किया है। पीएम को नैतिक आधार पर खुद इस्तीफा दे देना चाहिए।
MNS-शिवसेना (UBT) का 4 अक्टूबर को मुंबई में प्रदर्शन
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे ने मंगलवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि MNS और शिवसेना (UBT) 4 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में प्रदर्शन करेंगी।
23 सितंबर: EC के अंदर मतभेद की रिपोर्ट सामने आई
23 सितंबर को इंडियन एक्सप्रेस की चुनाव आयोग के अंदर मतभेद से जुड़ी रिपोर्ट आई थी। इसके मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के फैसलों पर लिखित आपत्ति जताई थी। इनमें फॉर्म 6, SIR और ECINet से जुड़े फैसले शामिल थे। इसके बाद से विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार पर मनमानी के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने 24 सितंबर को ज्ञानेश पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। CJP ने भी कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाने वाली याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई करने की सहमति दी है। याचिका में ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता वाले चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाए गए हैं।

