कानपुर में आज खिलेगी तेज धूप, दिन में गर्मी तो शाम को मिलेगी ठंडक
अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान, बारिश के आसार नहीं; सुबह हल्की धुंध छाने की संभावना
कानपुर। शहर में शनिवार सुबह आसमान साफ रहा। ठंडी हवाओं के बीच तेज धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिनभर चमकदार धूप खिलने और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप के कारण गर्मी का एहसास होगा, जबकि शाम को तापमान गिरने से हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चार से छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई देने की संभावना है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।
दिन में गर्मी, शाम को महसूस हुई ठंडक
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, सुबह हल्की धुंध के बाद आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के आसार हैं। मौसम शुष्क रहेगा। दिन में गर्मी महसूस होगी, जबकि शाम को तापमान में गिरावट से मौसम कुछ ठंडा हो सकता है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से शुक्रवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह से तेज धूप निकली, जिससे दिन में गर्मी का एहसास हुआ। शाम को मौसम में बदलाव के साथ हल्की ठंडक महसूस की गई।


