पाकिस्तान में LPG सिलेंडर 7 हजार रुपए का मिल रहा

पाकिस्तान में LPG सिलेंडर 7 हजार रुपए का मिल रहा

ईरान से 17 अक्टूबर से सप्लाई बंद, वहीं से 50% गैस आती है

इस्लामाबाद/तेहरान। पाकिस्तान में LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है। 12 किलो के सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4500 पाकिस्तानी रुपए से बढ़कर 7000 रुपए हो गई है। दरअसल, ईरान से पाकिस्तान को होने वाली LPG की सप्लाई रुक गई है। दोनों देशों के बीच दो अहम सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, दोनों देशों ने इसकी अलग-अलग वजह बताई हैं। पाकिस्तान ने बताया की उसने सुरक्षा चिंता और तस्करी रोकने के लिए यह सीमा बंद की है। वहीं, ईरान ने इसकी तकनीकी वजह बताई है। पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 50% हिस्सा ईरान से आयात करता है। ऐसे में सप्लाई रुकने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

ओमान और इराक से भी आयात प्रभावित

पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का करीब 70% हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी गैस आती है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के मुताबिक, देश में हर दिन करीब 6500 से 7000 टन LPG की जरूरत होती है। इसमें से 2000 से 2500 टन गैस देश में तैयार होती है, जबकि बाकी जरूरत आयात से पूरी की जाती है। लेकिन होर्मुज स्ट्रेट में ईरान जंग के कारण आई रुकावट से इन इराक और ओमान से होने वाला आयात भी प्रभावित हुआ है।

सरकारी कीमत से दोगुने से ज्यादा दाम पर बिक रहे सिलेंडर

पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3296 पाकिस्तानी रुपए तय की है। इसके बावजूद बाजार में सिलेंडर सरकारी कीमत से दोगुने से भी ज्यादा दाम पर बेचे जा रहे हैं। पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर करीब 7000 रुपए, लाहौर में 7500 रुपए और स्कर्दू में 8200 रुपए तक में बिक रहा है। पाकिस्तान में एक शख्स सिलेंडर उठाकर ले जाता हुआ।

सरकार बोली- जल्द हालात सुधरेंगे

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि सरकार खुद LPG आयात करके बाजार में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अगले 2 से 3 दिनों में कीमतों में सुधार शुरू होने की उम्मीद जताई। जियो न्यूज के एक कार्यक्रम में मलिक ने कहा कि LPG की कीमत 400 से 425 पाकिस्तानी रुपए प्रति किलो के बीच होनी चाहिए। उन्होंने ज्यादा दाम वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार LPG की कीमत तय करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी।

मलिक ने दावा किया कि बाजार और स्थानीय LPG की कीमतों के अंतर से करीब 30 अरब पाकिस्तानी रुपए का फर्क पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अदालत से स्टे ऑर्डर लेकर ऊंचे दाम वसूल रहे हैं। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अटॉर्नी जनरल को बाकी मामलों में पैरवी कर स्टे ऑर्डर हटवाने के लिए कदम उठाने को कहा है।

सीमा पर फंसे सैकड़ों ट्रक

पाकिस्तान के क्वेटा में बड़े LPG टैंकर ट्रक खड़े हुए हैं। सीमा बंद होने से LPG टैंकरों समेत सैकड़ों ट्रक पाकिस्तान और ईरान की सीमा के दोनों ओर फंसे हुए हैं। शम्सुल हक के मुताबिक, 1000 से ज्यादा पाकिस्तानी कंटेनरों में आलू, केले और चावल लदे हैं, जिन्हें ईरान भेजा जाना था। ट्रक चालकों ने बताया कि वे कई दिनों से सीमा खुलने का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिल रही हैं। चालक अब्दुल गनी बलोच ने कहा कि वे एक हफ्ते से ज्यादा समय से वहां फंसे हुए हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *