ऑपरेशन सिंदूर में 314 किमी दूर पाकिस्तानी विमान गिराया था
एस-400 डिफेंस सिस्टम ने निशाना बनाया, रक्षा मंत्रालय बोला- दूरी दुश्मन को बचा नहीं सकती
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के अंदर 314 किमी. की दूरी पर उड़ रहे एक विमान को मार गिराया था। रक्षा मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट में गिराए गए विमान को स्पेशल मिशन एयरक्राफ्ट कहा गया है। हालांकि, वायुसेना के अफसर पहले बता चुके हैं कि यह पाकिस्तान का AWACS विमान था, जो हवा में खतरे और टारगेट की एकसाथ पहचान करता है। इसे हवाई कमांड सेंटर भी कहा जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह भारत की तरफ से सतह से हवा में किया गया सबसे लंबी दूरी का हमला था। इससे साफ हुआ कि दूरी दुश्मन के विमान को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम से नहीं बचा सकती।
सिस्टम ने खतरा ट्रैक करके गाइडेड मिसाइल दागी
रिपोर्ट के मुताबिक, एस-400 ने पाकिस्तानी विमान के खतरे को ट्रैक किया। इसके बाद लंबी दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल को टारगेट की तरफ गाइड किया गया। मिसाइल ने पाकिस्तानी विमान पर सटीक निशाना लगाया।
ग्राफिक से समझिए एस-400 डिफेंस सिस्टम की ताकत
एस-400 ट्रायम्फ रूस का एडवांस्ड मिसाइल सिस्टम है, जिसे 2007 में लॉन्च किया गया था। यह सिस्टम फाइटर जेट, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल, ड्रोन और स्टेल्थ विमानों तक को मार गिरा सकता है।
यह हवा में कई तरह के खतरों से बचाव के लिए एक मजबूत ढाल की तरह काम करता है। दुनिया के बेहद आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम में इसकी गिनती होती है।
भारत के पास एस-400 की 3 ऑपरेशनल स्क्वाड्रन
एस-400 की एक स्क्वाड्रन में 256 मिसाइल होती हैं। भारत के पास इस वक्त 3 स्क्वाड्रन हैं, जिन्हें अलग-अलग तरफ की सीमाओं पर तैनात किया गया है।
पहली स्क्वाड्रन – पंजाब में तैनात की गई है। भारत को पहली 2021 में रूस ने पहली स्क्वाड्रन सौंपी थी। यह पाकिस्तान और चीन दोनों की ओर से आने वाले खतरों को रोकने के लिए है।
दूसरी स्क्वाड्रन – सिक्किम (चीन सीमा) में तैनात है। भारत को यह खेप जुलाई 2022 में मिली थी। यहां से चिकन नेक पर भी निगरानी रखी जाती है।
तीसरी स्क्वाड्रन- राजस्थान-गुजरात या पंजाब-राजस्थान सीमा पर तैनात है। भारत को यह खेप फरवरी 2023 में मिली। इस स्क्वाड्रन से पश्चिमी सीमा की सुरक्षा मजबूत होती है।
पहलगाम हमले के जवाब में लॉन्च हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों के खिलाफ 7 से 10 मई तक ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसी दौरान पाकिस्तानी सेना का विमान मारा भारतीय सेना ने मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
पाकिस्तानी आसमान में एकसाथ उड़ रहे थे मिलिट्री और सिविल प्लेन
रिपोर्ट में कहा गया है कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने जानबूझकर अपना एयरस्पेस खुला रखा और सिविल फ्लाइट्स चलती रहीं। इससे भारत के एक्शन में सिविल एयरक्राफ्ट के निशाना बनने की आशंका थी।
भारतीय वायुसेना के इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (IACCS) ने सैन्य और नागरिक रडार से मिली जानकारियों को एक साथ जोड़ा। इससे आसमान में विमानों की सटीक पहचान की जा सकी।
ताकत के जरिए दबाव बनाने की रणनीति से तनाव खत्म हुआ
रिपोर्ट में भारत की रणनीति को ‘सैन्य ताकत दिखाकर दबाव बनाना’ बताया गया है, यानी इतनी सैन्य ताकत दिखाना कि सामने वाला देश अपनी कार्रवाई रोकने के लिए मजबूर हो जाए। भारत की सटीक सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने तनाव घटाने और दुश्मनी खत्म करने की अपील की।

