नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल, संयुक्त नगर आयुक्त संतोष यादव और सहायक नगर आयुक्त विद्यासागर का तबादला

कानपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में नगर निकायों के 47 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में कानपुर नगर निगम के दो अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि शाहजहांपुर से एक नए संयुक्त नगर आयुक्त की तैनाती की गई है। शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कानपुर में तैनात संयुक्त नगर आयुक्त संतोष कुमार यादव को नगर निगम बरेली भेजा गया है। वहीं सहायक नगर आयुक्त विद्यासागर को नगर निगम प्रयागराज स्थानांतरित किया गया है। जबकि शाहजहांपुर में तैनात संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी को कानपुर नगर निगम में नई तैनाती दी गई है। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

कानपुर से दो अधिकारी बाहर, एक नए अधिकारी की तैनाती

विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नगर निगम कानपुर में संयुक्त नगर आयुक्त के पद पर तैनात संतोष कुमार यादव को स्थानांतरित कर नगर निगम बरेली भेजा गया है। वहीं सहायक नगर आयुक्त विद्यासागर को नगर निगम प्रयागराज में नई तैनाती दी गई है। शाहजहांपुर नगर निगम में संयुक्त नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत संगीता कुमारी को कानपुर नगर निगम में संयुक्त नगर आयुक्त बनाया गया है।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

यह आदेश भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुपालन में किया गया है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपनी नई तैनाती के स्थान पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की सूचना नगर निकाय निदेशालय, लखनऊ को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अवहेलना या कार्यभार ग्रहण करने में लापरवाही को अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *