मार्कशीट खोने से परेशान प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने दी जान
एक साल पहले गुम हो गई थीं हाईस्कूल और इंटर की अंकतालिकाएं, भाई से कहा था- जल्द दोबारा निकलवा दो, भविष्य बर्बाद होने की जताती थी चिंता
कानपुर। बर्रा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट गुम होने से परेशान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 23 वर्षीय छात्रा ने सोमवार देर शाम घर में फंदा लगाकर जान दे दी। बेटी को कमरे में फंदे से लटका देखकर मां की चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची बर्रा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, मार्कशीट न होने के कारण छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन नहीं कर पा रही थी। इस वजह से वह लंबे समय से परेशान रहती थी।
एक साल पहले गुम हो गई थीं मार्कशीट
बर्रा थाना क्षेत्र के एलआईजी निवासी शिवकांत पांडेय ऑटो चालक हैं। परिवार में पत्नी, बेटा अभिषेक पांडेय और 23 वर्षीय बेटी आकांक्षा पांडेय थी। आकांक्षा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। भाई अभिषेक ने बताया कि करीब एक साल पहले बहन की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट कहीं गुम हो गई थीं। इसके बाद से ही वह परेशान रहने लगी थी। अंकतालिकाएं न होने के कारण वह प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म नहीं भर पा रही थी। इस बात को लेकर वह कई बार मायूस हो जाती थी।
भाई से कहा था- जल्द दोबारा निकलवा दो मार्कशीट
अभिषेक के मुताबिक, बीते दिनों आकांक्षा ने उससे मार्कशीट दोबारा निकलवाने के लिए कहा था। इस पर उसने बहन को आश्वासन दिया था कि प्रयागराज जाकर अंकतालिकाएं निकलवा देगा। इसके बावजूद आकांक्षा को अपने भविष्य की चिंता सताती रहती थी। वह अक्सर कहती थी कि अब उसका करियर बर्बाद हो गया है। परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन मार्कशीट न होने और प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन न कर पाने को लेकर उसकी चिंता बनी हुई थी।
मां घरेलू काम में व्यस्त थी, कमरे में मिली बेटी
सोमवार देर शाम पिता ऑटो लेकर काम पर गए थे, जबकि भाई अभिषेक किसी काम से घर से बाहर था। घर में मां और आकांक्षा मौजूद थीं। मां घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं। इसी दौरान आकांक्षा अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद मां ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में पहुंचने पर बेटी को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बर्रा थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक, छात्रा मार्कशीट गुम होने के कारण परेशान रहती थी। इसी वजह से उसके तनाव में रहने की बात सामने आई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने या कोई आरोप लगाए जाने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


