दिव्यांग रिक्शा चालक को निर्वस्त्र कर पीटा, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों ने की दोबारा मारपीट
पुलिस से न्याय की गुहार
बिल्हौर, कानपुर। शिवराजपुर में एक दिव्यांग रिक्शा चालक से मारपीट और वसूली का मामला दोबारा सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि पहले हुई मारपीट की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के दखल के बाद शिवराजपुर थाने में केस दर्ज हुआ था। इसके बावजूद आरोपितों ने उसे दोबारा पीटा। पीड़ित सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि उसे चप्पलों से पीटा गया और निर्वस्त्र कर अपमानित किया गया। भसैऊ गांव निवासी सुशील दिव्यांग हैं और रिक्शा चलाकर गुजारा करते हैं। उन्होंने पुलिस से न्याय और सुरक्षा की मांग की है। सुशील के मुताबिक, पहले बर्राजपुर में रिक्शा चलाने के लिए उनसे हर दिन 100 रुपये मांगे गए थे। विरोध करने पर मारपीट हुई थी। पुलिस आयुक्त से शिकायत के बाद शिवराजपुर पुलिस ने केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद भी आरोपितों पर कार्रवाई का असर नहीं दिखा। दोबारा हुई घटना से डरा पीड़ित अब पुलिस से न्याय की आस लगाए है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।

