रक्तदान महादान: 51 लोगों ने किया रक्तदान, मानव सेवा का दिया अनुकरणीय संदेश
वर्ल्ड खबर एक्सप्रेस/कानपुर। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कानपुर ग्रामीण के हंसपुरम क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी तथा क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इसके साथ ही ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र नाथ पासवान स्वप्निल वरुण एवं आनंद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों एवं आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए बधाई दी। शिविर के दौरान कुल 51 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम है। रक्त की आवश्यकता दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन तथा अन्य आपात परिस्थितियों में लगातार बनी रहती है। ऐसे में नियमित रक्तदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान जरूरतमंद के लिए जीवन का आधार बन सकता है। इसी उद्देश्य से शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्य अतिथियों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। एक यूनिट रक्त कई बार किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 51 रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से हृदय से आभार एवं सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी रक्तदान को लेकर जागरूकता फैलाने और भविष्य में ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।

