बिठूर उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, सात प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

बिठूर उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, सात प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

अंतिम दिन कांग्रेस के प्रदीप द्विवेदी ने दाखिल किया नामांकन, भाजपा से समरेंद्र सिंह राना मैदान में

कानपुर। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई। भाजपा ने बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई समरेंद्र सिंह राना को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रदीप द्विवेदी को पार्टी के सिंबल पर चुनाव मैदान में उतारा है। प्रदीप द्विवेदी ने गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर दो सेटों में नामांकन दाखिल किया।

समाजवादी पार्टी ने इस उपचुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। नामांकन के अंतिम दिन तक कुल सात प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए हैं। इनमें भाजपा से समरेंद्र सिंह राना और उनकी पत्नी सीमा सिंह, कांग्रेस से प्रदीप द्विवेदी, आदर्श द्विवेदी उर्फ विभु और उनकी मां सरोज द्विवेदी, प्रदीप दिवाकर तथा हर्ष द्विवेदी शामिल हैं।

राना के साथ भाजपा, प्रदीप के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता

भाजपा प्रत्याशी समरेंद्र सिंह राना पूर्व चेयरमैन डॉ. निर्मला सिंह के बड़े बेटे हैं। उनकी मां बिठूर नगर पंचायत की लगातार पांच बार अध्यक्ष रह चुकी थीं। उनके निधन के बाद रिक्त हुई अध्यक्ष पद की सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा ने राना को पार्टी का सिंबल देकर चुनाव मैदान में उतारा है।

वहीं कांग्रेस ने अंतिम समय में अपना प्रत्याशी मैदान में उतारकर चुनाव को सीधे मुकाबले की ओर ला दिया है। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने प्रदीप द्विवेदी को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर सिंबल दिया। प्रदीप द्विवेदी इससे पहले भी बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में डॉ. निर्मला सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं।

25 को होगी नामांकन पत्रों की जांच

नामांकन पत्रों की संवीक्षा 25 सितंबर को होगी। अभ्यर्थी 28 सितंबर को नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 29 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 13 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा, जबकि मतगणना 15 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

22 जून को हुआ था डॉ. निर्मला सिंह का निधन

बिठूर नगर पंचायत की लगातार पांच बार अध्यक्ष रहीं डॉ. निर्मला सिंह का 22 जून को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था। डॉ. निर्मला सिंह बिठूर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा की मां थीं। अब उनके बड़े बेटे समरेंद्र सिंह राना भाजपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *