2100 दीपों से जगमगाया बिहारेश्वर महादेव मंदिर
पीएम मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा ने किया दीपोत्सव, उपेंद्रनाथ पासवान ने किया हवन-पूजन

घाटमपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा कानपुर ग्रामीण की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को सजेती स्थित प्राचीन बिहारेश्वर महादेव मंदिर में दीपोत्सव आयोजित किया गया। भाजपा कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान विधायक उपेंद्रनाथ पासवान के नेतृत्व में 2100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी घाटमपुर में सेवा कार्य किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष उपेंद्रनाथ पासवान कार्यकर्ताओं के साथ बिहारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन, देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और राष्ट्र की प्रगति की कामना को लेकर दीप प्रज्वलित किए गए। पूजन-अर्चन और आरती के दौरान देश में शांति व जनकल्याण की कामना की गई।
जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उपेंद्रनाथ पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण की भावना से जुड़ा रहा है। उनके जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के बीच पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक सेवा पहुंचाने तथा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर 2100 दीपों की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने हर-हर महादेव के जयघोष किए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष ने जलाए दीप

बिधनू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर बिधनू ब्लॉक के पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष मिंटू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।


