सेन पश्चिम पारा में चेन लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पांच दिन के भीतर पकड़ा आरोपी, सोने की चेन के टुकड़े और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के पांच दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेन के टुकड़े, पीली धातु की दो गुरिया, 370 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कानपुर देहात के बारैगरा निवासी आशुतोष उर्फ लवकुश के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
सचेंडी से महिला का किया था पीछा
बिधनू के मगरासा गांव निवासी शुभम साहू की पत्नी आकांक्षा 23 अक्टूबर की शाम अपने भाई आकाश के साथ मायके से ससुराल लौट रही थीं। कैंधा और सेन पश्चिम पारा गांव के बीच पीछे से आए बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था। छीना-झपटी के दौरान बाइक अनियंत्रित होने से दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरे की तलाश शुरू की थी।
50 कैमरों की फुटेज खंगाली
आरोपित की तलाश में पुलिस की पांच टीमों ने घटनास्थल से रमईपुर और सचेंडी तक करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद हेलमेट पहने एक संदिग्ध अपाचे बाइक से रमईपुर की ओर जाता दिखाई दिया। महिला ने भी लुटेरे के लंबे कद का होने और हेलमेट पहने होने की जानकारी दी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ मोबाइल नंबरों के बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) डेटा के आधार पर भी जांच की। इन सुरागों की मदद से पुलिस संदिग्ध की गतिविधियों को ट्रेस करते हुए मंगलवार रात बघारा गांव मोड़ के पास पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
लूट का सामान और बाइक बरामद
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम रसूलाबाद निवासी आशुतोष बताया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल अपाचे बाइक और हेलमेट के साथ चेन का टुकड़ा और मंगलसूत्र का पेंडल बरामद किया गया। आरोपित ने घटना की शाम सचेंडी से ही महिला का पीछा करने और सेन पश्चिम पारा गांव के पास लूट करने की बात स्वीकार की है।
डीसीपी साउथ ने दी जानकारी
डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटे गए आभूषणों के हिस्से और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


