अपर्णा यादव बोलीं- पार्टी जहां से तय करेगी, वहीं से लड़ूंगी चुनाव
मैनपुरी से फिलहाल चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति पर भी रखी बात
मैनपुरी। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव बुधवार को मैनपुरी पहुंचीं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि चुनाव लड़ने के लिए सीट का फैसला भाजपा करेगी। पार्टी जहां से चुनाव लड़ने के लिए कहेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फिलहाल मैनपुरी से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा नहीं है।
अपर्णा यादव दोपहर करीब तीन बजे एबीवीपी के कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उन्होंने महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश को नशामुक्त बनाने में महिलाओं और बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। परिवार और समाज में जागरूकता फैलाकर महिलाएं नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती दे सकती हैं।
पार्टी का फैसला सर्वोपरि
2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्णय करेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सीट का फैसला पार्टी पर छोड़ा है और पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी मैनपुरी से चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान उनसे अखिलेश यादव के पीडीए की परिभाषा को लेकर भी सवाल किया गया। अपर्णा यादव ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह एबीवीपी के कार्यक्रम में आई हैं और इसी कार्यक्रम से जुड़े विषयों पर बात करेंगी।
ससुराल से जुड़ी भावना को बताया गरिमामयी
छात्रों के बीच ससुराल से जुड़े अनुभव के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि उन्हें यह अच्छा लगता है और उनके लिए यह भावना काफी गरिमामयी है।
पहली बार सैफई पहुंचीं
मैनपुरी के कार्यक्रम के बाद अपर्णा यादव सैफई पहुंचीं। पति प्रतीक यादव के निधन के बाद यह उनकी पहली सैफई यात्रा बताई गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने परिवार की परंपरा के अनुसार कुलदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन किए।

