हरबसपुर में फिर हादसा, गड्ढा बचाने में ओमनी ऑटो से टकराई

हरबसपुर में फिर हादसा, गड्ढा बचाने में ओमनी ऑटो से टकराई

ऑटो में किनारे बैठे 50 वर्षीय यात्री के दोनों पैरों में आई चोट, हैलट रेफर

बिधनू। कानपुर-सागर हाईवे पर हरबसपुर पंचायत घर के पास शनिवार को फिर हादसा हो गया। सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के प्रयास में ओमनी अनियंत्रित होकर सवारी भरे ऑटो से टकरा गई। हादसे में ऑटो में किनारे बैठे 50 वर्षीय यात्री घायल हो गए। उनके दोनों पैरों में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, हालांकि परिजन निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले गए।

मूसानगर निवासी दिलीप कुमार (50) ऑटो से नौबस्ता जा रहे थे। ऑटो चालक पप्पू के मुताबिक, वह मूसानगर से सवारियां लेकर निकला था। हरबसपुर पंचायत घर के पास उसने लघुशंका के लिए ऑटो सड़क किनारे रोका था। इसी दौरान पीछे से आ रही ओमनी के चालक ने सड़क पर बने गड्ढे को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान ओमनी ऑटो से टकरा गई।

टक्कर के समय ऑटो के किनारे बैठे होने के कारण दिलीप कुमार चपेट में आ गए और उनके दोनों पैरों में चोट लग गई। ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।

गड्ढों के कारण बढ़ रहा हादसों का खतरा

कानपुर-सागर हाईवे पर हरबसपुर के पास सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है की कल भी इसी जगह हादसा हुआ था जिसमे एक स्कूल टीचर की मौत के साथ ही आधा दर्जन चोटिल हुए थे । इसके बावजूद सड़क की मरम्मत न होने से समस्या बनी हुई है। लोगों ने गड्ढों की मरम्मत कराने और हादसे वाले स्थान पर सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *