कानपुर में बीरू हत्याकांड: शव हाईवे पर रखकर परिजनों का हंगामा, सागर हाईवे जाम; हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग

कानपुर में बीरू हत्याकांड: शव हाईवे पर रखकर परिजनों का हंगामा, सागर हाईवे जाम; हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग

हनुमंत विहार थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, समाधि पुलिया पर जेसीबी लगाकर दोनों तरफ रोका यातायात; मौके पर कई थानों की फोर्स और अधिकारी मौजूद

कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में बीरू सिंह भदौरिया की मौत के मामले में गुरुवार को परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों ने शव को हनुमंत विहार थाने के बाहर सागर हाईवे मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। वहीं, समाधि पुलिया पर दोनों तरफ जेसीबी लगाकर यातायात रोक दिया गया। घटना की सूचना पर सर्किल के विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों की मांग है कि बीरू की हत्या में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। खबर लिखे जाने तक परिजन शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा था।

कार की छत पर लिटाकर डेढ़ किलोमीटर तक दौड़ाई गाड़ी

अर्रा निवासी बीरू सिंह भदौरिया (37) एक फूड प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में सेल्समैन थे। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर घर लौटते समय बीरू को निशाना बनाया गया। आरोप है कि मेवालाल कार से पहुंचा। कार में राजवीर समेत तीन अन्य युवक भी सवार थे। आरोपियों ने पहले बीरू के साथ मारपीट की। वह बचकर भागने लगा तो कार से टक्कर मार दी। इसके बाद उसे कार की छत पर लिटा दिया और उसके दोनों हाथ आगे की खिड़कियों के शीशों में फंसाकर लॉक कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार से करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार दौड़ाते रहे।

 नीचे उतारकर ऊपर चढ़ा दी कार

परिजनों के अनुसार, आरोपी राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास बीरू के हाथ खोलकर उसे सड़क पर फेंकने के बाद उसके ऊपर कार चढ़ाकर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने बीरू को पहचान लिया और उसके घरवालों को सूचना दी। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि बीरू के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे और कार की खिड़कियों में हाथ फंसे रहने के कारण उसकी उंगलियां बुरी तरह कुचल गई थीं।

 12 से अधिक सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद होने का दावा

परिजनों का दावा है कि पूरी घटना इलाके में लगे 12 से अधिक सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना के कुछ फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें तेज रफ्तार से जाती कार की छत पर युवक फंसा दिखाई देने की बात कही जा रही है। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद हत्या की प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप भी लगाया था।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की ओर से शुरुआत में हनुमंत विहार थाने में हादसे की शिकायत दी गई थी। बाद में परिवार ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, कार नंबर और आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने पर फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र में लोकेशन मिली थी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 गिरफ्तारी तक शव उठाने को तैयार नहीं परिजन

बीरू की मौत के बाद से परिवार कार्रवाई की मांग कर रहा है। गुरुवार को शव हाईवे पर रखकर जाम लगाए जाने से यातायात प्रभावित हुआ। समाधि पुलिया पर दोनों तरफ जेसीबी लगाकर रास्ता रोके जाने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चुनौती बढ़ गई। परिजनों की मुख्य मांग आरोपियों की गिरफ्तारी है। खबर लिखे जाने तक शव हाईवे पर रखा था और प्रदर्शन जारी था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *