आकाश आनंद की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर किया भव्य स्वागत
बिल्हौर में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी बसपा, सोने की जड़ित पगड़ी और चांदी के मुकुट से किया सम्मानित; 14 साल बाद उसी कॉलेज में पार्टी की बड़ी जनसभा
कानपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को कानपुर पहुंचे। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के बैरी शिवराजपुर स्थित रामसहाय इंटर कॉलेज में आयोजित उनकी जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां पहुंचने पर आकाश आनंद का भव्य स्वागत किया गया। बिल्हौर विधानसभा प्रभारी एवं जनसभा संयोजक अवधेश कोरी ने उन्हें 101 किलो की फूलों की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं आलोक सविता ने सोने से जड़ित पगड़ी पहनाई, जबकि तीन अन्य पदाधिकारियों ने चांदी के मुकुट भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
आकाश आनंद के आगमन को लेकर सुबह से ही जनसभा स्थल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे समय बीतता गया, मैदान में भीड़ बढ़ती गई। जनसभा में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। बिल्हौर के अलावा आसपास के विधानसभा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हजारों की तादाद में जुटे समर्थकों के बीच पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। जनसभा स्थल पर बसपा के झंडे और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी से माहौल राजनीतिक रंग में नजर आया।
जनसभा को भव्य रूप देने के लिए रामसहाय इंटर कॉलेज के मैदान में व्यापक तैयारियां की गई थीं। आयोजन स्थल पर 300 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया गया था। बारिश की आशंका को देखते हुए पंडाल को वाटरप्रूफ बनाया गया था। मुख्य अतिथि आकाश आनंद के लिए अलग मंच बनाया गया था। इसके अलावा जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के बैठने की अलग व्यवस्था की गई थी। आयोजकों की ओर से जनसभा में करीब दो हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया था, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य रूप दिया।

14 साल बाद उसी कॉलेज में बसपा की बड़ी राजनीतिक सभा
बिल्हौर में आयोजित इस जनसभा को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि करीब 14 साल पहले फरवरी 2012 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इसी रामसहाय इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा की थी। उस समय उन्होंने बिल्हौर विधानसभा सीट से कमलेश दिवाकर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया था।
अब एक बार फिर इसी मैदान में बसपा ने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की बड़ी जनसभा आयोजित की है। इस वजह से राजनीतिक गलियारों में इस कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि पार्टी इस जनसभा के जरिए बिल्हौर और आसपास के क्षेत्रों में अपने पुराने राजनीतिक आधार को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रही है। जनसभा के आयोजन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
राजनीतिक चर्चाएं इस बात को लेकर भी हैं कि क्या आकाश आनंद इस मंच से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बिल्हौर सीट के प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेंगे। हालांकि, प्रत्याशी के नाम को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दो बार बिल्हौर सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है बसपा
बिल्हौर विधानसभा सीट बसपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रही है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट पर पार्टी दो बार जीत दर्ज कर चुकी है। वर्ष 1996 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने पी. भगवती प्रसाद सागर को प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई थी। इसके बाद वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने कमलेश दिवाकर को मैदान में उतारा और उन्होंने भी जीत हासिल कर बसपा का परचम लहराया था।
हालांकि, दोनों ही नेता अब बसपा में नहीं हैं। पी. भगवती प्रसाद सागर स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी से जुड़ चुके हैं, जबकि कमलेश दिवाकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में बसपा के सामने इस सीट पर अपने पुराने राजनीतिक समीकरणों को दोबारा मजबूत करने की चुनौती है।

भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर के सामने बसपा की रणनीति
वर्तमान में बिल्हौर विधानसभा सीट से भाजपा के राहुल बच्चा सोनकर विधायक हैं। ऐसे में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने मजबूत चुनौती पेश करने के लिए बसपा अभी से अपनी तैयारियों में जुटती नजर आ रही है। आकाश आनंद की जनसभा को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
बिल्हौर के साथ मिश्रिख संसदीय क्षेत्र में भी बसपा की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के लिहाज से यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। पार्टी की कोशिश अपने परंपरागत मतदाताओं को फिर से जोड़ने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की है। बड़ी जनसभा के जरिए बसपा ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह आगामी चुनाव को लेकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आकाश आनंद की इस जनसभा के बाद बिल्हौर में बसपा की संगठनात्मक गतिविधियां किस तरह आगे बढ़ती हैं और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किस चेहरे पर दांव लगाती है। फिलहाल 101 किलो की फूलों की माला, सोने की जड़ित पगड़ी और चांदी के मुकुट से हुआ स्वागत इस जनसभा का खास आकर्षण रहा।
आकाश आनंद का भाजपा, सपा और कांग्रेस पर हमला, बोले- विज्ञापनों पर खर्च हुए सात हजार करोड़, युवाओं को नौकरी नहीं
कानपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने रविवार को बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के बैरी शिवराजपुर स्थित रामसहाय इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव में वोट डालने से पहले जनता को सरकार के कामकाज का आकलन करना चाहिए। प्रदेश में चुनाव के समय अलग-अलग दलों के नेता जनता को गुमराह करने आएंगे। कोई गुजरात से आएगा, कोई मठ से तो कोई सैफई से, लेकिन बसपा के लोग इसी प्रदेश के हैं और जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं को उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि बहन मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं। वह लोकसभा और राज्यसभा की सदस्य भी रहीं। उनकी राजनीतिक यात्रा इस बात का प्रमाण है कि मजदूर की बेटी भी लखनऊ की सत्ता तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि बहन मायावती के मिशन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वह आखिरी सांस तक निभाने का प्रयास करते रहेंगे।
मजदूरों ने बनाया कानपुर, लेकिन उनकी बस्तियां नहीं चमकीं
आकाश आनंद ने कानपुर के औद्योगिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि इस शहर को मजदूरों ने अपने खून-पसीने से बनाया है। कानपुर कभी कपड़ा और चमड़ा उद्योग का बड़ा केंद्र हुआ करता था। देश और प्रदेश के लोगों की मेहनत इस मिट्टी में मिली हुई है। जिन कामों को कोई करना नहीं चाहता था, उन्हें मजदूरों ने किया। उनकी मेहनत से शहर की पहचान बनी, लेकिन मजदूरों की बस्तियों की तस्वीर नहीं बदल सकी। उन्होंने कहा कि मिलें बंद हो गईं, लेकिन किसी भी सरकार ने उन्हें दोबारा शुरू कराने की गंभीर कोशिश नहीं की।
उन्होंने कहा कि जनता की तीन बुनियादी मांगें शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार हैं। इन मुद्दों को उठाते हुए 10 साल बीत चुके हैं। अब सरकार से उसके कामकाज का हिसाब मांगने का वक्त आ गया है।
विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ खर्च, युवाओं को रोजगार नहीं
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने कहा कि जनता को सरकार के कामकाज का पता नहीं है, लेकिन विज्ञापन खूब दिखाई देते हैं। होर्डिंग में जनता नहीं रहती, लोग अपने घरों में रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपनी कमियां छिपाने के लिए विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए, लेकिन सरकारी पदों को भरने के लिए बजट नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो करोड़ से अधिक युवा रोजगार की तलाश में हैं। युवाओं की नौकरी पाने की उम्र निकलती जा रही है और पेपर लीक की जांच पूरी नहीं हो पा रही है। सरकार युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा नहीं देखना चाहती, बल्कि उन्हें राशन की लाइनों में खड़ा रखना चाहती है।
महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा
आकाश आनंद ने महिला अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या और महिला अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। आरोपियों को पकड़ने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई के बजाय अलग-अलग तरह के वीडियो दिखाए जाते हैं। महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा चाहिए, वीडियो नहीं। जनता ऐसा माहौल चाहती है, जहां बेटियां बिना किसी डर के घर से बाहर निकल सकें।
एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र किया। कहा कि करीब चार हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कानपुर से लखनऊ 45 मिनट में पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन सड़क की स्थिति सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां पहले फीता काटा जाता है और उसके तुरंत बाद सड़क टूटने लगती है। गड्ढों को आपस में जोड़कर एक्सप्रेसवे तैयार होने की घोषणा कर दी जाती है।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों को बताया शोकेस में रखा शोपीस
आकाश आनंद ने प्रदेश की राजनीतिक व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार में डबल इंजन ही नहीं, बल्कि कई मुख्यमंत्री दिखाई देते हैं। उन्होंने दोनों उपमुख्यमंत्रियों की भूमिका पर सवाल उठाए। कहा कि किसी को ब्राह्मण समाज से तो किसी को पिछड़े समाज से बताया जाता है। सुनने में अच्छा लगता है कि सभी को हिस्सेदारी मिल रही है, लेकिन सवाल यह है कि सुनवाई किसकी होती है?
उन्होंने कहा कि दोनों उपमुख्यमंत्रियों को पद और बंगला तो दिया गया, लेकिन फाइलों पर चलने वाली कलम नहीं दी गई। यह हिस्सेदारी नहीं, बल्कि शोकेस में रखे शोपीस की तरह है। उन्होंने कहा कि बहन मायावती ने जिसे कुर्सी दी, उसे फैसले लेने का अधिकार भी दिया।
संविधान और बाबा साहब के नाम पर वोट लेने का लगाया आरोप
सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान की किताब दिखाकर जनता से वोट लिया गया। अब दो साल बाद भी जनता काम का हिसाब मांग रही है, लेकिन उसे जवाब नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को चुनाव में हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। कांग्रेस की सरकार में उन्हें भारत रत्न नहीं दिया गया। वीपी सिंह की सरकार में बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू करने और बाबा साहब को भारत रत्न दिए जाने के बाद भाजपा ने वीपी सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया था।
उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों के प्रति हमदर्दी दिखाई जाती है, जबकि दूसरे राज्यों में छात्रों पर लाठियां बरसाई जाती हैं।
अखिलेश और रामगोपाल यादव से माफी मांगने की मांग
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद ही तय नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें क्या करना है। कभी पिछड़ों की बात करते हैं तो कभी ब्राह्मण समाज की। चुनाव आते-आते उनकी राजनीति का रंग बदल जाता है।
उन्होंने आगरा में हुए समाज के सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी समाज का अपमान किया गया। उन्होंने प्रोफेसर रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव से समाज के लोगों से माफी मांगने की मांग की।
आकाश आनंद ने कहा कि बहन मायावती ने कानपुर देहात को नाम दिया था, लेकिन वर्ष 2012 में सपा की सरकार बनने के बाद एक ही कैबिनेट बैठक में कई जिलों के नाम बदल दिए गए। सपा सरकार में नाम बदलने की फाइलें सबसे तेजी से चलीं, लेकिन अब पीडीए के नाम पर दलितों और पिछड़ों का वोट मांगा जा रहा है।
सपा को बताया भाजपा की बी टीम
आकाश आनंद ने सपा पर दलित और पिछड़ा विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में प्रमोशन में आरक्षण से जुड़े विधेयक का सपा ने विरोध किया था। सपा सरकार के दौरान छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने सपा पर भाजपा के साथ राजनीतिक नजदीकी रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की बी टीम है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह चुनाव में भावनाओं और नारों के बजाय सरकारों के कामकाज और अपने मुद्दों को प्राथमिकता देकर फैसला करे।


