कानपुर में पुलिस भर्ती के मेडिकल में वसूली की चर्चा, पास कराने के नाम पर मांगे तीन से चार लाख रुपये

कानपुर। होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण में रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद अब आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के मेडिकल परीक्षण में भी वसूली की चर्चा तेज हो गई है। सिविल लाइंस स्थित जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र में मेडिकल परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर तीन से चार लाख रुपये मांगे जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है।

दावा है कि मेडिकल सेंटर के बाहर सक्रिय दलाल अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें पास कराने का भरोसा दे रहे थे। इसके एवज में मोटी रकम की मांग की गई। कुछ अभ्यर्थियों द्वारा रुपये दिए जाने और मेडिकल में सफल होने की भी चर्चा है। हालांकि अभी तक किसी अभ्यर्थी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

मेडिकल बोर्ड में केपीएम अस्पताल के दो और उर्सला अस्पताल के एक डॉक्टर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में कुछ बाहरी लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक किसी डॉक्टर से पूछताछ या गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, कोई तहरीर नहीं मिली है। कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 15 अक्तूबर को होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण में रिश्वत लेने के मामले में उर्सला के दो डॉक्टरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उस प्रकरण में अभ्यर्थियों ने डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों पर रुपये लेकर मेडिकल में पास कराने के आरोप लगाए थे। एलआईयू भी पूर्व में सरकारी विभागों में भर्ती के मेडिकल परीक्षण के दौरान अनियमितताओं की रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप चुकी है।

अब आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के मेडिकल परीक्षण में वसूली की चर्चा सामने आने के बाद शासन ने भी रिपोर्ट तलब की है। अपर निदेशक डॉ. रेनू पंत के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *